दल्ली राजहरा। आगामी 1 सितंबर 2026 को प्रस्तावित आंदोलन को सफल बनाने के लिए जन मुक्ति मोर्चा छत्तीसगढ़ ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। संगठन की ओर से दल्ली राजहरा के विभिन्न वार्डों में लगातार बैठकें आयोजित कर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों को आंदोलन की रूपरेखा की जानकारी दी जा रही है तथा अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई जा रही है।
इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 15 में महिला साथियों के साथ विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में जन मुक्ति मोर्चा से संबद्ध महिला मुक्ति मोर्चा के विस्तार को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान नए सदस्यों को संगठन की विचारधारा, उद्देश्यों एवं कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया तथा महिलाओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया गया।
25 अगस्त को कृषि कार्यालय में हुई अहम बैठक
आंदोलन की तैयारियों को लेकर 25 अगस्त को जन मुक्ति मोर्चा छत्तीसगढ़ के कृषि कार्यालय में संगठन के सभी मुखिया साथियों की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 1 सितंबर के आंदोलन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। आंदोलन को व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न प्रभारियों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
इसी दिन रात्रि 8 बजे वार्ड क्रमांक 13 में वार्ड इकाई की बैठक हुई। इसमें स्थानीय कार्यकर्ताओं को आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया तथा वार्ड स्तर पर लोगों से संपर्क कर आंदोलन को मजबूत बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
वार्ड 17 में भी बनी आंदोलन की रणनीति
इसी कड़ी में 26 अगस्त की शाम वार्ड क्रमांक 17 में वार्ड इकाई की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के साथियों ने आगामी आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श किया। कार्यकर्ताओं से घर-घर एवं वार्ड स्तर पर संपर्क बढ़ाकर लोगों को आंदोलन से जोड़ने का आह्वान किया गया।
जन मुक्ति मोर्चा के पदाधिकारियों का कहना है कि 1 सितंबर के आंदोलन को लेकर दल्ली राजहरा के विभिन्न वार्डों में लगातार बैठकें जारी रहेंगी। संगठन का प्रयास है कि आंदोलन में आम नागरिकों, महिलाओं एवं कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी हो और संगठन की मांगों को मजबूती के साथ प्रशासन के समक्ष रखा जा सके।

