बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा गांव, पालकों एवं शिक्षकों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
डौंडीलोहारा। प्राथमिक शाला किल्लेकोड़ा में शाला प्रबंधन समिति, प्रधान पाठक मेश्राम मैडम, शिक्षकों एवं पालकों के विशेष सहयोग से बच्चों के लिए भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में बालक-बालिकाओं के साथ पालक एवं माताएं भी शामिल हुईं।
कांवड़ यात्रा का शुभारंभ प्राथमिक शाला भवन से किया गया। इसके लिए बच्चों को कांवड़ सजाने के लिए प्रेरित किया गया था। बच्चे कांवड़ लेकर बहती गंगा जल से अपनी-अपनी लोटियां भरकर “बम-बम भोले”, “हर-हर भोले”, “घर-घर भोले”, “ॐ नमः शिवाय” तथा भगवान शिव के जयघोष करते हुए यात्रा में शामिल हुए।
शिवालयों में किया जलाभिषेक
कांवड़ यात्रा सबसे पहले आगरिया धाम स्थित शिवालय पहुंची, जहां जनपद सदस्य निर्भय भंडारी, छन्नू भंडारी, परमानंद भंडारी, कलिहारी सर, ठाकुर सर, भरोसा आंधिया, रूपेंद्र विश्वकर्मा एवं रहेश राणा सहित उपस्थित लोगों ने बच्चों के साथ भगवान शिव का गंगाजल से अभिषेक कराया। इस दौरान पालकों एवं माताओं ने भी भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
इसके बाद कांवड़ियों ने बहती गंगा से पुनः जल भरकर डीजे की धुन पर नाचते-गाते और बोल बम के जयघोष करते हुए गावड़े धाम शिवालय की ओर प्रस्थान किया। यहां भी बच्चों एवं अन्य श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
माताओं की रही विशेष सहभागिता
कांवड़ यात्रा में बच्चों के साथ माताओं और पालकों की विशेष सहभागिता रही। माताओं ने बच्चों को यात्रा के दौरान उत्साहित किया और धार्मिक आयोजन में उनका साथ दिया। हाईस्कूल के समस्त स्टाफ एवं व्याख्याता साहसी सर ने भी बच्चों की सहभागिता के लिए उनका उत्साहवर्धन करते हुए आभार व्यक्त किया।
इसके पश्चात कांवड़ यात्रा “बोल बम” के जयघोष के साथ गांव की गलियों का भ्रमण करते हुए किल्लेश्वरी मंदिर स्थित शिवालय पहुंची, जहां बच्चों सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया और आरती में शामिल हुए।
इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने में आरती सिन्हा, यशोदा भंडारी, किरण देवदास, गीतांजलि लता गावरे, सुनीता गावरे, रामसिंग देवदास, देवेंद्र कोलियारा, धुनारू सिहारे, भारत गावरे एवं राजेंद्र सिन्हा सहित शिक्षकों, पालकों एवं ग्रामीणों का विशेष सहयोग रहा।
आयोजन के दौरान पूरे गांव में भक्ति और उत्साह का माहौल रहा तथा बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से किल्लेकोड़ा गूंज उठा।


