घड़ी चौक से जयस्तंभ चौक तक निकाला मार्च, डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष किया प्रदर्शन
बालोद। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत दर्ज एफआईआर के विरोध में प्रदर्शन किया। साथ ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के सभास्थल के कथित शुद्धिकरण अनुष्ठान को लेकर संबंधित भाजपा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग भी उठाई गई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घड़ी चौक से जयस्तंभ चौक तक विरोध मार्च निकाला। इसके बाद डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया गया।
भाजपा पर लगाया संविधान विरोधी मानसिकता का आरोप
जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने कहा कि राहुल गांधी ने दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों एवं वंचित वर्गों के साथ होने वाले सामाजिक भेदभाव और अन्याय के मुद्दों को लगातार उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सामाजिक भेदभाव की सोच को उजागर करने पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराना राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सामाजिक न्याय, समानता और संविधान के मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी। हिरवानी ने भाजपा और आरएसएस पर बहुजन विरोधी एवं संविधान विरोधी मानसिकता का आरोप लगाते हुए कहा कि दबाव और कानूनी कार्रवाई के जरिए सामाजिक न्याय की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।
खरगे के अपमान को बताया बहुजन समाज का अपमान
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बालोद शहर के अध्यक्ष अंचल प्रकाश साहू ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का अपमान केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि दलित, पिछड़े एवं वंचित समाज के सम्मान से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसे मामलों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी।
वहीं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बालोद के अध्यक्ष नरेंद्र सिन्हा ने कहा कि राहुल गांधी संविधान, सामाजिक न्याय एवं समानता की आवाज उठाते हैं। उन्होंने कहा कि एफआईआर से कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं और सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे भी मजबूती से जारी रखा जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी महात्मा गांधी, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान के मूल्यों को आधार मानकर बहुजन समाज के सम्मान, अधिकार एवं न्याय के लिए संघर्ष करती रहेगी।
ये कांग्रेसजन रहे उपस्थित
विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस महामंत्री सतीश यादव, प्रवक्ता यज्ञदेव पटेल, विधायक प्रतिनिधि कमलेश श्रीवास्तव, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अनिल यादव, नेता प्रतिपक्ष कासिमुद्दीन कुरैशी, पार्षद विनोद बंटी शर्मा, निर्देश पटेल, दाऊद खान, अश्वनी गौतम, वैभव साहू, कमल टुवानी, विक्की पांडे, आदित्य दुबे, वैभव शर्मा, संतोष चौधरी, अनीस खान, रूपेश यादव, साधुराम पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

