बीएसपी में चोरी का खुलासा: कंप्यूटर सामान और 12 एलईडी लाइट उड़ाने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग भी पकड़ा गया

Darshan Balod
0

 




चोरी का माल खरीदने वाले दो कबाड़ी भी पुलिस के शिकंजे में, बीएसपी टेलीकॉम एक्सचेंज और राजहरा खदान से लाखों का सामान पार करने का मामला

दल्लीराजहरा। बीएसपी राजहरा के टेलीकॉम एक्सचेंज कार्यालय और राजहरा खदान क्षेत्र में चोरी की दो वारदातों का दल्लीराजहरा पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग सहित छह आरोपियों को पकड़ा है। इनमें चोरी का सामान खरीदने वाले दो कबाड़ व्यवसायी भी शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से चोरी का कंप्यूटर उपकरण, एसी, मॉनिटर, हार्ड डिस्क, मदरबोर्ड सहित 12 नग एलईडी फ्लड लाइट बरामद की गई हैं। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, 26-27 अगस्त की रात बीएसपी टेलीकॉम एक्सचेंज कार्यालय में घुसकर अज्ञात चोरों ने विंडो एसी सहित कंप्यूटर से जुड़े कई उपकरण पार कर दिए थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 70,350 रुपए बताई गई। मामले में थाना दल्लीराजहरा में अपराध क्रमांक 210/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

इसके बाद 27-28 अगस्त की रात राजहरा खदान के डम्पर रोड पर बिजली के खंभों में लगी सूर्य कंपनी की 12 नग 150 वॉट एलईडी फ्लड लाइट चोरी कर ली गईं। इनकी कीमत करीब 36 हजार रुपए बताई गई। इस मामले में अपराध क्रमांक 211/2026 दर्ज किया गया।

लगातार हुई चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपियों और चोरी के सामान की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने दिव्यांशु सिंह (19), लुजीत साहू (18), शर्मा नेताम उर्फ लकवा (35), सन्नी थापा (20), सुनील महानंद (35) सहित एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक शुरुआत में आरोपियों ने घटना से इनकार किया, लेकिन अलग-अलग पूछताछ में चोरी करना स्वीकार कर लिया। दिव्यांशु सिंह, लुजीत साहू, शर्मा नेताम एवं नाबालिग के कब्जे से बीएसपी कार्यालय से चोरी किया गया सामान बरामद किया गया। वहीं सन्नी थापा और सुनील महानंद के कब्जे से राजहरा खदान से चोरी की गई 12 एलईडी फ्लड लाइट बरामद हुईं।

पुलिस ने चोरी का माल और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG24 Y 0622 जब्त कर ली है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

सस्ते के लालच में चोरी का माल न खरीदें

राजहरा पुलिस ने नागरिकों और दुकानदारों से अपील की है कि बिना बिल या रसीद के कोई सामान न खरीदें। सस्ते दाम के लालच में खरीदा गया सामान चोरी का हो सकता है और चोरी का सामान खरीदने पर कानूनी कार्रवाई के साथ जेल भी जाना पड़ सकता है।

पुलिस टीम की भूमिका

कार्रवाई में थाना राजहरा निरीक्षक सुनील तिर्की, उप निरीक्षक प्रदीप कंवर, प्रधान आरक्षक राकेश साहू, आरक्षक सुरेंद्र देशमुख, पवन आनंद धीर, संतोष वानखेड़े एवं खिलावन निषाद की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top