27 सितंबर को बालोद में राज्य स्तरीय सम्मान समारोह, शिक्षा और सामाजिक योगदान के लिए चयनित शिक्षकों का होगा सम्मान
बालोद। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग संस्थान के माध्यम से विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देने, सामाजिक समरसता और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने के उद्देश्य से दर्शन बालोद मीडिया संस्थान द्वारा आयोजित ‘गुरु गौरव सम्मान 2026’ के लिए 130 चयनित शिक्षकों की सूची जारी कर दी गई है। चयनित शिक्षकों में कैरियर अकादमी, पाररास, बालोद के शिक्षक एवं डायरेक्टर गोपेन्द्र कौशिक का नाम भी शामिल है। उनके चयन की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र के शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
27 सितंबर को बालोद में होगा राज्य स्तरीय सम्मान समारोह
‘गुरु गौरव सम्मान 2026’ का राज्य स्तरीय सम्मान समारोह 27 सितंबर 2026, रविवार को सुबह 10 बजे से कला केंद्र, बालोद में आयोजित किया जाएगा। समारोह में चयनित 130 शिक्षकों को उनके शैक्षणिक, सामाजिक एवं विद्यार्थियों के हित में किए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
प्रविष्टियों और प्रमाणों के मूल्यांकन के बाद हुआ चयन
गुरु गौरव सम्मान के लिए शिक्षकों से ऑनलाइन गूगल फॉर्म के माध्यम से प्रविष्टियां आमंत्रित की गई थीं। आवेदन में शिक्षकों से उनके शैक्षणिक कार्यों, नवाचारों, विद्यार्थियों के हित में किए गए प्रयासों, सामाजिक योगदान तथा अन्य उल्लेखनीय गतिविधियों की विस्तृत जानकारी मांगी गई थी। साथ ही संबंधित कार्यों और उपलब्धियों के प्रमाण भी प्रस्तुत करने को कहा गया था।
प्राप्त प्रविष्टियों में शिक्षकों द्वारा दी गई जानकारी और प्रस्तुत प्रमाणों का मूल्यांकन किया गया। इसी प्रक्रिया के आधार पर 130 शिक्षकों का चयन ‘गुरु गौरव सम्मान 2026’ के लिए किया गया है।
बालोद से शुरू हुई पहल ने लिया राज्य स्तरीय स्वरूप
‘गुरु गौरव सम्मान’ की पहल बालोद जिले से शुरू की गई है। इसका उद्देश्य ऐसे शिक्षकों को पहचान और सम्मान का मंच प्रदान करना है, जो बिना किसी प्रचार-प्रसार के शिक्षा और समाज निर्माण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहे हैं। बालोद से शुरू हुई यह पहल अब राज्य स्तरीय स्वरूप ले चुकी है और छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से शिक्षकों का चयन किया गया है।
दर्शन बालोद मीडिया संस्थान द्वारा आयोजित यह पहला ‘गुरु गौरव सम्मान समारोह’ है। संस्थान की ओर से इस पहल को प्रतिवर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया है, ताकि शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मान और प्रोत्साहन मिलता रहे।
NTCF का महत्वपूर्ण सहयोग
‘गुरु गौरव सम्मान 2026’ के आयोजन में NTCF (Novel Teachers Creative Foundation) प्रायोजक के रूप में सहयोग कर रहा है। संस्था के संस्थापक अरुण साहू द्वारा इस सम्मान पहल को महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
गोपेन्द्र कौशिक के चयन पर क्षेत्र में खुशी
कैरियर अकादमी पाररास, बालोद के शिक्षक एवं डायरेक्टर गोपेन्द्र कौशिक के ‘गुरु गौरव सम्मान 2026’ के लिए चयनित होने पर तरौद एवं बालोद क्षेत्र में प्रसन्नता का माहौल है। सहकर्मियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शुभचिंतकों ने उनके चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
दर्शन बालोद के प्रधान संपादक दीपक यादव, संपादक माधुरी यादव एवं NTCF के संस्थापक अरुण साहू ने भी गुरु गौरव सम्मान 2026 के लिए चयनित सभी 130 शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान समाज और राष्ट्र के भविष्य को गढ़ने में उनके योगदान का सम्मान है।

