गन्ना किसानों के खातों में पहुंची 2.03 करोड़ से अधिक की राशि

Darshan Balod
0

 



762 किसानों को गन्ना भुगतान, 108 किसानों को बीज की राशि; 368 नए कृषकों को खेत तैयारी के लिए प्रोत्साहन

बालोद, 24 सितंबर 2026। जिले में गन्ना उत्पादन को बढ़ावा देने और किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए शासन स्तर पर किए जा रहे प्रयासों के तहत गन्ना कृषकों को विभिन्न मदों में 2 करोड़ 3 लाख 12 हजार 725 रुपये का भुगतान जारी किया गया है। यह राशि दंतेश्वरी मैया सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित, बालोद द्वारा संबंधित कृषकों के बैंक खातों में अंतरित की गई है।

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में कारखाना प्रबंधन द्वारा पेराई सत्र 2025-26 के गन्ना कृषकों को समय पर भुगतान की प्रक्रिया पूरी की गई। इससे किसानों को आर्थिक राहत मिलने के साथ गन्ना उत्पादन के प्रति उनका भरोसा भी बढ़ने की उम्मीद है।

762 किसानों को 1.23 करोड़ रुपये का भुगतान

पेराई सत्र 2025-26 में कारखाना द्वारा 762 कृषकों से 3,67,180.14 क्विंटल गन्ने की खरीदी की गई। शक्कर रिकवरी 10.47 प्रतिशत के आधार पर 33.56 रुपये प्रति क्विंटल की दर से कुल 1 करोड़ 23 लाख 22 हजार 565 रुपये की राशि किसानों के बैंक खातों में जारी की गई है।

108 किसानों को गन्ना बीज की राशि

इसी तरह कारखाना द्वारा 108 कृषकों से 16,295.40 क्विंटल गन्ना बीज की खरीदी की गई। इसके लिए 400 रुपये प्रति क्विंटल की दर से कुल 65 लाख 18 हजार 160 रुपये संबंधित गन्ना बीज प्रदायकर्ता किसानों के खातों में अंतरित किए गए हैं।

नए गन्ना किसानों को खेत तैयारी के लिए प्रोत्साहन

गन्ना खेती का रकबा बढ़ाने और नए किसानों को इस फसल के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कार्यक्षेत्र के 368 नवीन गन्ना कृषकों को खेत तैयारी के लिए प्रोत्साहन राशि भी दी गई है। प्रत्येक किसान को प्रति हेक्टेयर 5 हजार रुपये की दर से कुल 14 लाख 72 हजार रुपये उनके बैंक खातों में जारी किए गए हैं।

विभिन्न मदों में राशि सीधे बैंक खातों में पहुंचने से किसानों को आर्थिक सहायता मिली है। शासन की इस पहल से गन्ना उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ सहकारी शक्कर कारखाने के प्रति किसानों का भरोसा मजबूत होने की बात कही गई है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top