जगदलपुर में आयोजित प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, विद्यालय और जिले का बढ़ाया गौरव
बालोद। शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बालोद की प्रतिभावान छात्रा सीमा नेताम ने जगदलपुर में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में रग्बी खेल में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (Bronze Medal) हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ जिले का भी गौरव बढ़ा है।
प्रतियोगिता के दौरान सीमा नेताम ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया। निरंतर अभ्यास और मेहनत के दम पर उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती हेमलता गंगबेर ने सीमा नेताम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं व्यायाम शिक्षक सूर्यकान्त सिन्हा ने कहा कि सीमा की मेहनत और निरंतर अभ्यास का यह परिणाम है। उन्होंने बताया कि विद्यालय की छात्राओं को विभिन्न खेलों में बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
सीमा नेताम की इस उपलब्धि पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। शिक्षकों ने उम्मीद जताई कि सीमा आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और जिले का नाम रोशन करेंगी।

