अब 27 सितंबर को होगा ‘गुरु गौरव सम्मान 2026’, छत्तीसगढ़भर से शिक्षकों ने भेजे नामांकन

Darshan Balod
0

 




दर्शन बालोद की राज्य स्तरीय पहल में 100 से अधिक ऑनलाइन प्रविष्टियां, मूल्यांकन के बाद जल्द जारी होगी चयन सूची

बालोद। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे शिक्षकों को सम्मानित करने के उद्देश्य से दर्शन बालोद एवं डेली बालोद न्यूज़ मीडिया संस्थान की पहल ‘गुरु गौरव सम्मान 2026’ का राज्य स्तरीय आयोजन अब 27 सितंबर रविवार को किया जाएगा। यह कार्यक्रम पूर्व में 20 सितंबर रविवार को प्रस्तावित था, लेकिन कुरूद, जिला धमतरी में भी राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होने को ध्यान में रखते हुए आयोजन की तिथि में परिवर्तन किया गया है।

‘गुरु गौरव सम्मान 2026’ के लिए बालोद सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से शासकीय एवं निजी स्कूलों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे शिक्षकों ने अपना नामांकन भेजा है। आयोजन समिति के अनुसार अब तक ऑनलाइन माध्यम से 100 से अधिक प्रविष्टियां प्राप्त हो चुकी हैं। प्राप्त नामांकनों का मूल्यांकन किया जा रहा है और संबंधित शिक्षकों को इसकी जानकारी दी जा रही है। मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद शीघ्र ही चयनित शिक्षकों की सूची जारी की जाएगी।

शिक्षकों को सम्मान के साथ प्रेरणा देने की पहल

इस राज्य स्तरीय आयोजन का उद्देश्य केवल उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करना ही नहीं, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना भी है, जहां वे अपने अनुभव साझा कर सकें और अन्य शिक्षकों को प्रेरणा मिल सके।

कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त कर चुके विशिष्ट लोगों को अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जा रहा है। इनके उद्बोधन से वर्तमान में कार्यरत शिक्षकों को शिक्षा, नवाचार और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को लेकर नई प्रेरणा मिलने की उम्मीद है।

कला केंद्र में होगा आयोजन

‘गुरु गौरव सम्मान 2026’ का राज्य स्तरीय कार्यक्रम बालोद के जय स्तंभ चौक के पास स्थित कला केंद्र में आयोजित होगा। कार्यक्रम का समय सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है।


इस आयोजन के आयोजक दर्शन बालोद एवं डेली बालोद न्यूज़ मीडिया संस्थान हैं। संस्थान भारत सरकार के प्रेस मंत्रालय से पंजीकृत है। वहीं प्रायोजक के रूप में एनटीसीएफ (नावेल टीचर्स क्रिएटिव फाउंडेशन) भी आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

आयोजकों का कहना है कि ‘गुरु गौरव सम्मान 2026’ के माध्यम से ऐसे शिक्षकों को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है, जो अपने विद्यालय, विद्यार्थियों और समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं और जिनके प्रयासों को व्यापक पहचान मिलनी चाहिए।


किसी कारणवश अभी तक कोई फॉर्म नहीं भर पाएं होंगे तो वे हमें पहले 9755235270 पर फोन करके सूचित करेंगे । उसके बाद ही फॉर्म डालेंगे। अंतिम तिथि निकल चुकी है। अगर आपका कार्य उत्कृष्ट है तो आपको भी मौका देंगे। शर्त वही है कि पहले हमें सूचित करके ही फॉर्म भरिए क्योंकि 100 से ज्यादा लोगों का नामांकन प्राप्त हो चुका है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top