चिखली में घर के आंगन में बिक्री के लिए रखी थी शराब, पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
डौंडी/बालोद, 4 सितंबर 2026। अवैध शराब के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत डौंडी पुलिस ने ग्राम चिखली में दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 30 पौव्वा देशी प्लेन शोले शराब जब्त की है। जब्त शराब की मात्रा 5.4 लीटर बताई गई है, जिसकी कीमत करीब 2400 रुपये है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक किरण चौव्हाण के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना एवं नगर पुलिस अधीक्षक राजेश बागड़े के मार्गदर्शन में डौंडी पुलिस की टीम 4 सितंबर को देहात पेट्रोलिंग एवं जुर्म जरायम की पतासाजी के लिए चोरहापड़ाव और चिखली क्षेत्र में रवाना हुई थी।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पेट्रोलिंग के दौरान चिखली स्कूल के पास पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि पुनीतराम नेताम (45), निवासी बाजारपारा चिखली, अपने घर के आंगन में बिक्री के लिए बड़ी मात्रा में शराब रखे हुए है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के घर के आंगन में पीले रंग की प्लास्टिक झिल्ली में रखी 30 पौव्वा देशी प्लेन शोले शराब बरामद हुई। प्रत्येक पौव्वा में 180 एमएल शराब थी। पुलिस ने कुल 5.4 लीटर शराब जब्त कर सीलबंद करते हुए कब्जे में लिया।
वैध दस्तावेज नहीं होने पर कार्रवाई
पुलिस द्वारा आरोपी से शराब रखने एवं बिक्री के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन आरोपी कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद शराब को विधिवत जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 121/2026, धारा 34(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
आरोपी पुनीतराम नेताम को 4 सितंबर को सुबह 9:35 बजे गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे माननीय जेएमएफसी न्यायालय दल्ली राजहरा के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही सक्रिय भूमिका
कार्रवाई में सउनि गोपाल रजक, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक संजय सिंह, आरक्षक भुनेश्वर यादव, पुकेश्वर साहू, सुमन देवहारी एवं ईश्वर भण्डारी की सक्रिय भूमिका रही।
पुलिस ने अवैध शराब एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही है।


