दल्ली राजहरा पुलिस की कार्रवाई, 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर भेजा जेल
दल्ली राजहरा। अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत
दल्ली राजहरा पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 40 पौवा देशी प्लेन शराब जब्त की है। पुलिस के अनुसार जब्त शराब की कुल मात्रा 7.2 लीटर है, जिसकी कीमत करीब 3,200 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार 21 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति राजहरा शराब भट्ठी की ओर से अधिक मात्रा में शराब लेकर भोयरटोला रेलवे क्रॉसिंग की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ भोयरटोला रेलवे क्रॉसिंग के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे व्यक्ति को पीछा कर पकड़ा गया।
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से काले रंग के कपड़े के थैले में 40 पौवा देशी प्लेन शराब ‘शोले’, प्रत्येक में 180 एमएल, सीलबंद अवस्था में मिली। पुलिस ने शराब को गवाहों के समक्ष जब्त किया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान दीनबंधु तारम पिता संतराम तारम, उम्र 40 वर्ष, निवासी बिटाल, थाना राजहरा, जिला बालोद के रूप में हुई है। मामले में थाना राजहरा में अपराध क्रमांक 236/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चैव्हाण के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रकांत गवर्ना एवं नगर पुलिस अधीक्षक राजहरा श्री विकास पाटले के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी दल्ली राजहरा श्री सुनील तिर्की के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने बताया कि अवैध शराब के साथ-साथ जुआ-सट्टा गतिविधियों के खिलाफ भी कार्रवाई लगातार जारी है।

