‘हर पात्र बच्चे तक प्रमाण-पत्र और अधिकार’ अभियान के तहत 7 से 12 सितंबर तक विकासखंडवार होगा परीक्षण
बालोद, 03 सितंबर 2026। जिले में बाल दिव्यांग प्रमाणीकरण अभियान 2026 के अंतर्गत ‘हर पात्र बच्चे तक प्रमाण-पत्र और अधिकार’ कार्यक्रम के तहत विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से पात्र दिव्यांग बच्चों के दिव्यांग प्रमाण-पत्र बनाए जाएंगे और उन्हें शासन की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार समाज कल्याण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इन शिविरों में जिला मेडिकल बोर्ड बालोद द्वारा बच्चों का परीक्षण कर दिव्यांग प्रमाण-पत्र जारी किया जाएगा।
4,447 संभावित दिव्यांग विद्यार्थी होंगे लाभान्वित
समाज कल्याण विभाग के उप संचालक श्री अजय गेडाम ने बताया कि जिले में शिक्षा विभाग के अंतर्गत 4,447 संभावित दिव्यांग छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। शिविर के माध्यम से पात्र बच्चों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक प्रमाण-पत्र एवं योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
शिविर में 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग तथा कक्षा पहली से बारहवीं तक के बच्चों के लिए नवीन दिव्यांग प्रमाण-पत्र, प्रमाण-पत्र नवीनीकरण, यूनिक आईडी कार्ड (UDID), कृत्रिम अंग निर्माण के लिए माप, पेंशन पंजीयन, सहायक उपकरण पंजीयन, दिव्यांग छात्रवृत्ति पंजीयन, दिव्यांगजन विवाह प्रोत्साहन पंजीयन तथा घरौंदा गृह से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
विकासखंडवार इस तारीख को लगेगा शिविर
शिविर का आयोजन समाज कल्याण विभाग सिवनी के कार्यालय परिसर में किया जाएगा। विकासखंडवार निर्धारित तिथियां इस प्रकार हैं—
- 07 सितंबर — बालोद विकासखंड
- 08 सितंबर — गुरूर विकासखंड
- 09 सितंबर — गुण्डरदेही विकासखंड
- 11 सितंबर — डौण्डी विकासखंड
- 12 सितंबर — डौण्डीलोहारा विकासखंड
दिव्यांगजनों के आवागमन की भी व्यवस्था
दिव्यांगजनों को शिविर स्थल तक लाने तथा परीक्षण के बाद उन्हें संबंधित संकुल केंद्रों तक छोड़ने के लिए बसों की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक बस में संबंधित जनपद पंचायत, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग एवं समाज कल्याण विभाग के नामित कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।
शिविर में आने वाले दिव्यांगजनों एवं उनके सहायकों के लिए चाय, नाश्ता, पानी एवं भोजन की व्यवस्था भी की गई है। अभियान का उद्देश्य पात्र बच्चों को आवश्यक प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराकर उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं से जोड़ना है।

