मंगचुवा पुलिस ने साइबर ठगी से बचाव के बताए तरीके, 1930 हेल्पलाइन की दी जानकारी
डौण्डीलोहारा, 22 सितंबर 2026। विकासखंड डौण्डीलोहारा के अंतर्गत ग्राम रेंगाडबरी सोसायटी में मंगलवार को किसानों की आमसभा का आयोजन किया गया। सभा का मुख्य उद्देश्य किसानों को सोसायटी की कार्यप्रणाली, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी तथा शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी देना और उनकी समस्याओं से अवगत होना रहा।
सभा को संबोधित करते हुए सोसायटी अध्यक्ष एवं प्रबंधक ने बताया कि किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराना तथा उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना सोसायटी की प्राथमिकता है। इस दौरान उपस्थित किसानों से उनकी समस्याओं और सुझावों पर भी चर्चा की गई।
सभा के समापन अवसर पर किसान सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 50 से अधिक किसानों को फल भेंट कर सम्मानित किया गया। किसानों ने इस पहल को प्रोत्साहन देने वाला बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।
मंगचुवा पुलिस ने दिया साइबर सुरक्षा का संदेश
कार्यक्रम में थाना मंगचुवा पुलिस की टीम भी शामिल हुई। थाना प्रभारी सखाराम मंडावी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने किसानों को बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
थाना प्रभारी ने किसानों से अनजान लोगों द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक नहीं करने, बैंक अधिकारी बनकर ओटीपी मांगने वालों से सावधान रहने तथा फेसबुक और व्हाट्सएप पर लॉटरी, इनाम या केवाईसी अपडेट के नाम पर आने वाले संदिग्ध संदेशों से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है तो तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें अथवा नजदीकी थाने से संपर्क करें।
पुलिस के अनुसार मंगचुवा पुलिस द्वारा रविवार से लगातार साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान पुलिस स्टाफ सेल्फी पॉइंट और पंपलेट के माध्यम से भी ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर रहा है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सोसायटी अध्यक्ष निरंजन पडौती, प्रबंधक रुद्रनारायण देशमुख, सरपंच पति जयेश जैन, नेमन साहू, तुलेश साहू, जाहिद अंसारी, इन्द्रपाल तुमरेकी, रेवाशंकर सोनी, प्रियादीन साहू सहित सोसायटी के कर्मचारी और 50 से अधिक किसान उपस्थित रहे।


