अर्जुंदा। बेमेतरा में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता में अर्जुंदा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अपना चयन सुनिश्चित किया है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर नोवल दास साहू, चंचल रावटे और चंद्रहासिनी पाटिल अब दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
पांच संभागों के 160 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेमेतरा, जिला बेमेतरा में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा और बस्तर संभाग से कुल 160 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में करीब 40 कोच, मैनेजर एवं दल प्रबंधक भी शामिल रहे।
नगर पंचायत अर्जुंदा की वेटलिफ्टिंग टीम से चार खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। इनमें पीएम श्री सेजेज अर्जुंदा के दो तथा प्रिय दर्शनीय पब्लिक स्कूल अर्जुंदा के दो खिलाड़ी शामिल रहे। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए।
नोवल ने जीता स्वर्ण, 199 किलो वजन उठाया
79 किलोग्राम भार वर्ग में अर्जुंदा के नोवल दास साहू ने कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक जीता। उनके प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
वहीं 86+ किलोग्राम भार वर्ग में तृप्ति जामुनकर ने कुल 75 किलोग्राम वजन उठाकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया और रजत पदक हासिल किया।
42 किलोग्राम भार वर्ग में चंचल रावटे ने 75 किलोग्राम वजन उठाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि इसी भार वर्ग में चंद्रहासिनी पाटिल ने 92 किलोग्राम वजन उठाकर प्रथम स्थान हासिल किया।
31 अक्टूबर से दिल्ली में राष्ट्रीय प्रतियोगिता
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नोवल दास साहू, चंचल रावटे और चंद्रहासिनी पाटिल आगामी 31 अक्टूबर से 6 नवंबर तक दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की भारोत्तोलन प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
तीन खिलाड़ियों के राष्ट्रीय स्तर पर चयन से अर्जुंदा में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेलप्रेमियों ने उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की है।
प्राचार्यों ने दी शुभकामनाएं
खिलाड़ियों के चयन पर पीएम श्री सेजेज अर्जुंदा की प्राचार्या श्रीमती शोभा यादव एवं प्रिय दर्शनीय पब्लिक स्कूल अर्जुंदा के प्राचार्य श्री गैंदालाल सिन्हा ने सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की कामना की।
सभी खिलाड़ी पीटीआई अश्वनी पटेल एवं कोच प्रकाश देशमुख के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास करते हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को अर्जुंदा के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

