कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने वनांचल के बच्चों के बीच मनाया जन्मदिन, खुद परोसा भोजन और बांटे बैग-जूते

Darshan Balod
0

 

















नंगूटोला में बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर किया न्योता भोज, केक काटकर मनाया जन्मदिन; कलेक्टर का स्नेह पाकर बच्चे और ग्रामीण हुए अभिभूत

बालोद। आमतौर पर जन्मदिन पर लोग अपने करीबियों के साथ खुशियां बांटते हैं, लेकिन बालोद कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने अपने जन्मदिन को वनांचल के स्कूली बच्चों के नाम कर एक संवेदनशील पहल की। उन्होंने 2 सितंबर को डौण्डीलोहारा विकासखंड के आदिवासी बहुल ग्राम नंगूटोला पहुंचकर स्कूली बच्चों, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारी-कर्मचारियों के साथ अपना जन्मदिन मनाया।

कलेक्टर ने शासकीय प्राथमिक शाला नंगूटोला में बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर न्योता भोज किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं बच्चों के लिए प्लेट लगाई और उन्हें भोजन परोसा। कलेक्टर का यह आत्मीय अंदाज बच्चों के साथ मौजूद शिक्षकों और ग्रामीणों के लिए भी खास रहा।

बच्चों के साथ काटा केक, बांटे उपहार

जन्मदिन के अवसर पर कलेक्टर ने स्कूली बच्चों के साथ केक काटा। बच्चों को स्कूल बैग, जूते-मोजे और टॉफियां भी प्रदान कीं। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

कलेक्टर ने बच्चों से पढ़ाई को लेकर संवाद करते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए अच्छी शिक्षा बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को पूरे मनोयोग, निष्ठा और ईमानदारी से पढ़ाई करने तथा अपने माता-पिता, परिवार और विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

ग्रामीणों और शिक्षकों ने दी शुभकामनाएं

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, डिप्टी कलेक्टर आशीष पेंद्रो, जिला शिक्षा अधिकारी दीपक दुबे सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में नंगूटोला संकुल केंद्र रेंगडबरी के अधिकारी-कर्मचारी, बीईओ श्री साहू, एबीईओ श्री साहू, संकुल समन्वयक दिनेश जगनायक, प्रकाश देशमुख, योगी आदित्यनाथ एवं ओपी सोनसारवा, ग्राम पंचायत भीमाटोला के सरपंच-पंच, प्राथमिक शाला नंगूटोला के समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

कलेक्टर ने बच्चों, ग्रामीणों और अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा आत्मीयता के साथ जन्मदिन मनाने के लिए सभी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

वनांचल के बच्चों के बीच जमीन पर बैठकर भोजन करना, उन्हें अपने हाथों से परोसना और शिक्षा के लिए प्रेरित करना कलेक्टर के जन्मदिन को एक सादगीपूर्ण और यादगार अवसर बना गया।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top