पेड़ों को राखी बांधकर विद्यार्थियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

Darshan Balod
0

 





रक्षाबंधन पर स्वामी आत्मानंद विद्यालय के विद्यार्थियों की अनूठी पहल, प्रकृति की रक्षा का दिया संदेश

कुसुमकसा/बालोद। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अनूठी पहल करते हुए पेड़ों को रक्षा सूत्र (राखी) बांधकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने स्वयं बड़ी राखियां तैयार कीं और विद्यालय परिसर सहित आसपास स्थित पेड़ों को राखी बांधकर प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संदेश दिया।

कार्यक्रम में संजय बैस, कमलकांत साहू, संतोष जैन, पुष्पजीत बैस एवं शमशेर खान अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर संजय बैस ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि यदि आज के बच्चे एक-एक पेड़ की रक्षा का संकल्प लें, तो आने वाले वर्षों में गांव, प्रदेश और देश हरियाली से समृद्ध हो सकता है। पेड़ हमें ऑक्सीजन, छाया, फल और स्वच्छ वातावरण प्रदान करते हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा भी करनी चाहिए।

कमलकांत साहू, संतोष जैन, पुष्पजीत बैस एवं शमशेर खान ने भी विद्यार्थियों की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक दायित्व है। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आकर इसे जनआंदोलन का रूप देना होगा।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी सुरक्षा एवं देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का सामूहिक संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों की इस पहल को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और सामाजिक चेतना का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top