रंगों से लिखें ऊर्जा बचाने की कहानी, जीतें ₹1 लाख और लैपटॉप; स्कूली बच्चों के लिए राष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता

Darshan Balod
0

 



31 अक्टूबर तक स्कूल स्तर से भेजे जा सकेंगे चयनित चित्र, राज्य स्तर पर मिलेगा ₹50 हजार तक पुरस्कार; राष्ट्रीय विजेताओं को गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल के साथ आकर्षक पुरस्कार

बालोद, 18 अक्टूबर 2026। ऊर्जा संरक्षण के प्रति स्कूली विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ऊर्जा दक्षता ब्यूरो के माध्यम से केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों के सहयोग से ‘नेशनल पेंटिंग कॉम्पिटीशन ऑन एनर्जी कंसर्वेशन-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष प्रतियोगिता का मुख्य विषय ‘एनर्जी कंसर्वेशन फॉर एनर्जी सिक्यूरिटी’ रखा गया है।

कक्षा 5वीं से 10वीं तक के विद्यार्थी ले सकेंगे हिस्सा

क्रेडा विभाग के सहायक अभियंता ने बताया कि प्रतियोगिता में कक्षा 5वीं से 7वीं तक के विद्यार्थी ग्रुप-ए तथा कक्षा 8वीं से 10वीं तक के विद्यार्थी ग्रुप-बी में शामिल हो सकते हैं। स्कूल स्तर पर चयनित प्रत्येक ग्रुप के प्रथम दो चित्रों के फोटोग्राफ्स स्कूल के नाम सहित विवरण के साथ आगामी 31 अक्टूबर से पहले संबंधित नोडल अधिकारी के पास जमा किए जा सकते हैं।

इसके लिए पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, 400/200 केवी सबस्टेशन कुम्हारी के वरिष्ठ महाप्रबंधक श्री आर.पी. साहू को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनसे मोबाइल नंबर 9685092217 पर संपर्क किया जा सकता है।

प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत जानकारी paintings.beeindia.gov.in पर प्राप्त की जा सकती है। अतिरिक्त जानकारी के लिए जिला ऊर्जा संरक्षण प्रभारी एवं क्रेडा बालोद के उप अभियंता श्री खुबलाल साहू से मोबाइल नंबर 9340862683 पर संपर्क किया जा सकता है।

राज्य स्तर पर 100 विद्यार्थियों को मिलेगा मौका

स्कूल स्तर से चयनित प्रथम दो विजेताओं में से प्रत्येक ग्रुप-ए एवं ग्रुप-बी के 50-50 विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय चयन समिति द्वारा किया जाएगा। राज्य स्तर पर ऑन-द-स्पॉट प्रतियोगिता 14 नवंबर से 21 नवंबर 2026 के बीच आयोजित होगी। प्रतियोगिता की अवधि दो घंटे होगी।

राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार के रूप में ₹50,000, द्वितीय पुरस्कार ₹30,000 और तृतीय पुरस्कार ₹20,000 दिया जाएगा। इसके अलावा 10 प्रतिभागियों को ₹7,500 प्रत्येक की दर से प्रशंसा पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

दिल्ली में होगा राष्ट्रीय मुकाबला, विजेताओं को मिलेगा मेडल और लैपटॉप

राज्य स्तर पर प्रत्येक राज्य से चयनित प्रथम तीन विजेता आगामी 11 दिसंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम विजेता को ₹1 लाख, लैपटॉप एवं गोल्ड मेडल, द्वितीय विजेता को ₹50 हजार, लैपटॉप एवं सिल्वर मेडल तथा तृतीय विजेता को ₹30 हजार, लैपटॉप एवं ब्रॉन्ज मेडल प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा 10 प्रतिभागियों को प्रशंसा पुरस्कार के रूप में ₹15,000 नकद एवं टैबलेट प्रदान किया जाएगा।

प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही ऊर्जा संरक्षण और ऊर्जा सुरक्षा के महत्व को समझने का अवसर मिलेगा।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top