शासकीय कन्या आश्रम शाला डौंडी में खीर-पूड़ी, मटर-पनीर सहित बने विविध व्यंजन; बच्चों और स्टाफ के बीच मनाया जन्मदिन
डौंडी। जन्मदिन को केवल व्यक्तिगत उत्सव तक सीमित रखने के बजाय जरूरतमंद बच्चों के साथ खुशियां बांटने की पहल समाज के लिए प्रेरणादायक बन रही है। इसी भावना के साथ जिला बालोद के सह कोषाध्यक्ष मनीष झा ने अपना जन्मदिन शासकीय कन्या आश्रम शाला, डौंडी में छात्राओं और विद्यालयीन स्टाफ के बीच हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर न्योता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 200 लोगों ने भोजन ग्रहण किया।
खीर-पूड़ी से लेकर मटर-पनीर तक परोसे गए व्यंजन
मनीष झा ने प्रति वर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी आश्रम शाला में न्योता भोज की व्यवस्था की। भोजन में खीर, पूड़ी, मटर-पनीर, दाल, पापड़ और सलाद सहित विभिन्न व्यंजन परोसे गए। इसके साथ ही जन्मदिन का केक भी रखा गया। बच्चों और स्टाफ के बीच जन्मदिन मनाकर उन्होंने उनके साथ खुशियां साझा कीं।
बच्चों से साझा किए जीवन के अनुभव
आयोजन के दौरान मनीष झा ने अपने जीवन के अनुभवों और कार्यक्षेत्र से जुड़ी बातें भी उपस्थित लोगों के साथ साझा कीं। इस पहल का उद्देश्य बच्चों के बीच आत्मीयता बढ़ाने और विशेष अवसरों पर उनके साथ खुशियां बांटने का संदेश देना रहा।
शिक्षा विभाग के अधिकारी और गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
कार्यक्रम में डौंडी मंडल अध्यक्ष रूपेश नायक, अजय चौहान, हितेश धनकर, दिनेश अग्रवाल, प्रशांत नेताम, तेजस जैन, रूपेश जैन, साधना सोरी, राधिका भारद्वाज और कस्तूरी यादव सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार चतुर्वेदी एवं बीआरसीसी सुनील कुमार ताराम भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके अलावा दुर्योधन मालिक, आश्रम शाला की अधीक्षिका पूजा सिंह तथा प्रधान पाठक तनुजा बंजारे सहित अन्य लोगों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मनीष झा को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
आश्रम शाला में आयोजित यह न्योता भोज बच्चों के साथ खुशियां साझा करने और सामाजिक सहभागिता का संदेश देने वाला आयोजन रहा।


