किसानों सावधान! 27 से 29 अक्टूबर तक बिगड़ सकता है मौसम, बालोद में ऑरेंज अलर्ट के बीच फसल बचाने की सलाह

Darshan Balod
0

 



बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात का असर, तेज हवाओं और बारिश की आशंका; फसल खराब होने पर 72 घंटे के भीतर 14447 पर दें सूचना

बालोद। किसानों के लिए मौसम को लेकर सतर्क रहने की जरूरी खबर है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में 27 अक्टूबर से मौसम में बदलाव होने तथा कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने संभावित खराब मौसम को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए बालोद जिला प्रशासन और कृषि विभाग ने किसानों से अपनी तैयार फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार किसानों को मौसम के पूर्वानुमान पर नजर रखने और समय रहते फसल बचाने के इंतजाम करने की सलाह दी गई है। खेतों और खलिहानों में रखी फसल के साथ ही मंडियों में बिक्री के लिए रखी उपज को भी बारिश से बचाने पर जोर दिया गया है।

खेत से खलिहान तक ऐसे बचाएं अपनी फसल

कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि जिन खेतों में फसल पककर तैयार हो चुकी है और कटाई की जा चुकी है, वहां उपज को जल्द सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएं। खलिहान में रखी फसल को तिरपाल से अच्छी तरह ढंककर रखें, ताकि बारिश से नुकसान न हो।

बारिश की संभावना को देखते हुए खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करें। पानी जमा होने से फसल प्रभावित हो सकती है। विभाग ने 27 से 29 अक्टूबर के दौरान कटाई, कड़ाई और अन्य कृषि कार्यों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

मंडियों में रखी उपज को ढंककर रखें

मंडियों में बिक्री के लिए रखी गई कृषि उपज को बारिश से बचाने के लिए सुरक्षित तरीके से ढंककर रखें। किसानों को आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने के दौरान खेतों में काम करने से बचने की सलाह भी दी गई है।

मौसम की ताजा जानकारी के लिए रेडियो, टेलीविजन और मोबाइल पर जारी स्थानीय मौसम पूर्वानुमान पर नजर रखने की अपील की गई है।

फसल खराब हुई तो 72 घंटे के भीतर करें फोन

यदि बारिश या अन्य प्राकृतिक कारणों से फसल को नुकसान पहुंचता है, तो किसान इसकी सूचना 72 घंटे के भीतर फसल बीमा टोल-फ्री नंबर 14447 पर दें। फसल बीमा से संबंधित जानकारी और आवश्यक दस्तावेजों के लिए किसान अपने क्षेत्र के कृषि विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।

जिला प्रशासन और कृषि विभाग ने किसानों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने तथा समय रहते जरूरी इंतजाम करने की अपील की है, ताकि मेहनत से तैयार फसल को संभावित नुकसान से बचाया जा सके।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top