मशाल की रोशनी में निकली भव्य यात्रा, 2047 तक विकसित भारत निर्माण का लिया संकल्प
बालोद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला बालोद द्वारा बुधवार को सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान में जिला स्तरीय विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंचे जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, माताओं-बहनों एवं नागरिकों सहित 4000 से अधिक लोग शामिल हुए। हाथों में मशाल और मन में राष्ट्रसेवा का संकल्प लिए लोगों ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का प्रण लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी, मां भारती, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से कार्यक्रम स्थल राष्ट्रभक्ति के माहौल से गूंज उठा। सुबह 9 बजे से ही लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सांस्कृतिक संस्था ‘रंग झरोखा’ ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में उत्साह का रंग भर दिया।
एलईडी स्क्रीन पर सुना प्रधानमंत्री का संबोधन
सभा स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन के लाइव प्रसारण के लिए विशाल एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। प्रधानमंत्री ने अपने जीवन के अनुभवों और संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि जीत व्यक्ति को विनम्रता सिखाती है, जबकि हार दोबारा खड़े होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने बचपन और स्कूल जीवन से जुड़े अनुभव भी साझा किए। संबोधन के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला और मैदान में नारे गूंजते रहे।
लक्ष्मी वर्मा ने दिलाई विकसित भारत की शपथ
प्रधानमंत्री के लाइव कार्यक्रम के बाद राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने सेवा संकल्प अभियान को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश और समाज की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। जरूरतमंद अंतिम व्यक्ति तक सेवा और सहयोग पहुंचाना ही राष्ट्रसेवा की वास्तविक भावना है।
इसके बाद उन्होंने उपस्थित जनसमूह को विकसित भारत एवं राष्ट्रसेवा की शपथ दिलाई। हजारों लोगों ने हाथ उठाकर राष्ट्रसेवा, सामाजिक सरोकारों और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। जिला भाजपा अध्यक्ष चेमन देशमुख ने कार्यक्रम में शामिल सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मशाल की रोशनी में निकली सेवा ज्योति यात्रा
संकल्प सभा के बाद राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा एवं जिला भाजपा अध्यक्ष चेमन देशमुख के नेतृत्व में सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान से शुरू हुई यात्रा दल्ली चौक, नया बस स्टैंड, गंगासागर तालाब और जयस्तंभ चौक होते हुए अटल चौक पहुंची। मशालों की रोशनी और राष्ट्रभक्ति के नारों से शहर का वातावरण उत्साहपूर्ण नजर आया।
अटल चौक पहुंचने पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके सम्मान में नारे लगाए। यात्रा में महिला मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, युवा मोर्चा सहित भाजपा के विभिन्न मोर्चों, मंडलों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ बीज निगम बोर्ड के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा, जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख, पूर्व जिला अध्यक्ष पवन साहू, कृष्णकांत पवार, बिलासपुर संभाग सह प्रभारी अभिषेक शुक्ला, जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव एवं सौरभ लुनिया, जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के देवेंद्र माहला सहित जिलेभर से पहुंचे जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव ने किया। सेवा ज्योति यात्रा के समापन के साथ बालोद शहर में सेवा, संगठन और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया गया। भाजपा ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत का संकल्प केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से पूरा होने वाला राष्ट्रीय संकल्प है।
— जिला मीडिया प्रभारी
कमल पनपालिया
भारतीय जनता पार्टी, जिला बालोद




