स्वामी आत्मानंद जयंती पर ‘धरती मां के नाम पत्र’ अभियान, 450 विद्यार्थियों ने लिया प्रकृति संरक्षण का संकल्प

Darshan Balod
0

 





दल्लीराजहरा। स्वामी आत्मानंद जयंती के अवसर पर सेजेस नया बाजार, राजहरा में डाक विभाग, दल्ली राजहरा के सहयोग से ‘प्रकृति को बचाने हेतु धरती मां को पत्र’ लेखन कार्यक्रम आयोजित किया गया। डाक विभाग द्वारा संचालित इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रकृति संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।

कार्यक्रम में विद्यालय के करीब 450 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे एवं आकर्षक लेटर पैड तैयार कर धरती मां को संबोधित करते हुए भावपूर्ण पत्र लिखे। इन पत्रों में विद्यार्थियों ने पेड़-पौधों की रक्षा, जल संरक्षण, प्लास्टिक का कम उपयोग, स्वच्छता तथा प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग का संदेश दिया। बच्चों ने आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित धरती सुरक्षित रखने का संकल्प भी व्यक्त किया।

पत्र लेखन पूर्ण होने के बाद विद्यार्थियों द्वारा तैयार पत्रों को मिडिल विंग प्रभारी सिन्हा सर के माध्यम से मुख्य डाकघर अधिकारी को सौंपा गया। विद्यार्थियों की रचनात्मकता और उत्साह को देखते हुए डाक विभाग, दल्ली राजहरा द्वारा 10 विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का अन्य बच्चों ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।

डाक विभाग की सेवाओं की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान डाक विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों एवं शाला परिवार को विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी दी। जयप्रकाश जायसवाल, पोस्ट मास्टर दल्ली राजहरा, दीपक पटेल, डाक सहायक दल्ली राजहरा तथा पुरोहित निषाद, पोस्ट मास्टर नर्राटोला ने पत्र एवं पार्सल सेवाओं सहित डाकघर की कार्यप्रणाली के बारे में विद्यार्थियों को बताया।

पत्र लेखन व्यक्तित्व विकास का माध्यम : प्राचार्य

प्राचार्य श्री गोरे ने कहा कि पत्र लेखन केवल विचार व्यक्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे भाषा कौशल, रचनात्मकता, भावनात्मक अभिव्यक्ति और सामाजिक संवेदनशीलता का भी विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने प्रेरित किया।

मुख्य डाकघर अधिकारी श्री जायसवाल ने विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना करते हुए उन्हें डाकघर सप्ताह के अवसर पर डाकघर भ्रमण कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थी डाक विभाग की सेवाओं और कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझ सकेंगे।

कार्यक्रम के समापन पर सुश्री साक्षी साहू ने डाक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्राचार्य श्री गोरे, मिडिल विंग प्रभारी सिन्हा सर, सुश्री साक्षी साहू सहित शाला परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं डाक विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

रंग-बिरंगे पत्रों और विद्यार्थियों के प्रकृति संरक्षण संबंधी संदेशों से विद्यालय परिसर में सकारात्मक एवं प्रेरणादायक वातावरण बना रहा। अभियान ने बच्चों को यह संदेश दिया कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक संस्था की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top