डौंडीलोहारा के 80 गांवों तक पहुंचेगा गायत्री परिवार, दीप यज्ञ और युग संदेश से जगाएगा जनचेतना

Darshan Balod
0

 




24 और 25 अक्टूबर को ग्राम तीर्थ-ग्राम प्रव्रज्या कार्यक्रम; संस्कार, व्यक्तित्व विकास, पर्यावरण संरक्षण और गौ संरक्षण पर होगा जनजागरण

डौंडीलोहारा। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में विकासखंड डौंडीलोहारा में जिला स्तरीय ग्राम तीर्थ-ग्राम प्रव्रज्या कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। 24 एवं 25 अक्टूबर को होने वाले इस अभियान के तहत गायत्री परिवार के परिजन ब्लॉक के 80 गांवों तक युग निर्माण और विचार क्रांति का संदेश लेकर पहुंचेंगे। गांव-गांव में दीप यज्ञ, यज्ञ और जनसंपर्क के माध्यम से संस्कार, व्यक्तित्व विकास, सामाजिक नवजागरण तथा पर्यावरण एवं गौ संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।

दीप यज्ञ और यज्ञ के माध्यम से दिया जाएगा युग निर्माण का संदेश

कार्यक्रम का उद्देश्य युग निर्माण योजना और विचार क्रांति अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। इसके तहत गायत्री परिवार के परिजन ग्रामीणों के बीच पहुंचकर व्यक्तित्व विकास, जीवन में संस्कारों के महत्व, समाज के नवजागरण, पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन और गौ संरक्षण जैसे विषयों पर जागरूकता फैलाएंगे।

कार्यक्रम के प्रथम दिवस निर्धारित गांव में ग्राम भ्रमण किया जाएगा। इसके बाद संध्याकालीन दीप यज्ञ के माध्यम से युग संदेश दिया जाएगा। दूसरे दिन दूसरे गांव में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके पश्चात सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक यज्ञ एवं युग संदेश का कार्यक्रम आयोजित होगा।

गायत्री शक्तिपीठ में होगी जिला स्तरीय गोष्ठी

दो दिवसीय ग्राम प्रव्रज्या कार्यक्रम के बाद दोपहर 2 बजे से गायत्री शक्तिपीठ में कार्यकर्ताओं एवं परिजनों की जिला स्तरीय गोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसमें अभियान के दौरान हुए कार्यों की समीक्षा की जाएगी तथा आगामी कार्यक्रमों और भावी योजनाओं पर विचार-विमर्श कर रूपरेखा तैयार की जाएगी।

गांवों में नियुक्त किए गए प्रभारी और पर्यवेक्षक

कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभियान को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए सभी गांवों में ग्राम प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। वहीं, दो से तीन गांवों के समूह पर एक पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी तय की गई है। ये पर्यवेक्षक जिले के विभिन्न विकासखंडों से आने वाले आचार्यों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का समन्वय करेंगे।

ब्लॉक समन्वयक गायत्री परिवार एवं कार्यक्रम प्रभारी भोलाराम साहू ने सभी गायत्री परिजनों तथा गांवों के श्रद्धालु भाई-बहनों से कार्यक्रम में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता का आह्वान किया।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top