23 से 25 अक्टूबर तक खुलेगी करेक्शन विंडो, आवेदन में लिंग, वर्ग, ग्रामीण-शहरी क्षेत्र और दिव्यांगता संबंधी त्रुटियों में सुधार का मिलेगा मौका
बालोद, 19 अक्टूबर। पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 9वीं एवं 11वीं में प्रवेश की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। नवोदय विद्यालय समिति, भुवनेश्वर ने लेटरल एंट्री चयन परीक्षा 2027 के ऑनलाइन पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 22 अक्टूबर 2026 कर दी है। पहले निर्धारित अंतिम तिथि में वृद्धि के बाद अब पात्र विद्यार्थियों को आवेदन पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा।
23 से 25 अक्टूबर तक आवेदन में सुधार का अवसर
पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय बालोद के प्राचार्य ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों के ऑनलाइन आवेदन फॉर्म में त्रुटियां रह गई हैं, उनके लिए 23 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन करेक्शन विंडो उपलब्ध रहेगी। इस अवधि में अभ्यर्थी आवेदन में निर्धारित प्रविष्टियों में संशोधन कर सकेंगे।
करेक्शन विंडो के दौरान लिंग (महिला अथवा पुरुष), वर्ग (सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति अथवा अनुसूचित जनजाति), क्षेत्र (ग्रामीण अथवा शहरी) और दिव्यांगता की स्थिति से संबंधित प्रविष्टियों में ही सुधार किया जा सकेगा।
पात्र विद्यार्थी समय-सीमा का रखें ध्यान
विद्यालय के प्राचार्य ने जिले के सभी पात्र विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि 22 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य रूप से पूरा कर लें। आवेदन में निर्धारित श्रेणियों से संबंधित कोई त्रुटि होने पर 23 से 25 अक्टूबर के बीच करेक्शन विंडो का उपयोग कर संशोधन किया जा सकता है।
कक्षा 9वीं और 11वीं में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी समय-सीमा का ध्यान रखते हुए आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

