गंगा मैया मंदिर में जागरूकता की पहल, 900 से अधिक श्रद्धालुओं को बताए बाल अधिकार और महिला सुरक्षा के उपाय

Darshan Balod
0



 


मिशन वात्सल्य एवं मिशन शक्ति के तहत चार दिवसीय अभियान; बाल विवाह, बाल श्रम और महिला उत्पीड़न की सूचना देने हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

बालोद, 16 अक्टूबर। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल गंगा मैया मंदिर प्रांगण झलमला में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 13 से 16 अक्टूबर तक चार दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार और जिला कार्यक्रम अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के दौरान 900 से अधिक श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को बाल अधिकार, बाल संरक्षण, बाल विवाह की रोकथाम और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजानंद साहू के नेतृत्व में आयोजित अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों, विद्यार्थियों और श्रद्धालुओं को बच्चों के अधिकारों, महिलाओं की सुरक्षा तथा उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देना रहा।

बाल विवाह और बाल श्रम की रोकथाम पर दिया जोर

अभियान के दौरान मंदिर परिसर में पहुंचे श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर बच्चों के बुनियादी अधिकारों, बाल विवाह की रोकथाम, बाल श्रम उन्मूलन और पॉक्सो अधिनियम के बारे में जानकारी दी गई। बच्चों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार से बचाव तथा ऐसी घटनाओं की जानकारी संबंधित तंत्र तक पहुंचाने के महत्व को भी समझाया गया।

इसके साथ ही महिलाओं और बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में भी लोगों को जागरूक किया गया।

संकट में इन हेल्पलाइन नंबरों पर करें संपर्क

अभियान में मिशन वात्सल्य के तहत बच्चों की देखरेख और संरक्षण व्यवस्था की जानकारी देते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में बताया गया। वहीं, मिशन शक्ति के अंतर्गत महिलाओं की सहायता के लिए संचालित महिला हेल्पलाइन नंबर 181 की उपयोगिता समझाई गई।

श्रद्धालुओं से अपील की गई कि यदि कहीं बाल विवाह, बाल शोषण या महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी समस्या सामने आए, तो संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना दें। इससे जरूरतमंद बच्चों और महिलाओं तक समय पर सहायता पहुंचाने में मदद मिल सकती है।

पोस्टर और पाम्पलेट से भी फैलाया जागरूकता का संदेश

मंदिर परिसर में बैनर, पोस्टर और पाम्पलेट के माध्यम से सुरक्षित वातावरण के निर्माण तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास का संदेश प्रसारित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं और बेटियों को समान अवसर उपलब्ध कराना तथा उनके लिए सुरक्षित परिवेश सुनिश्चित करना प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है।

इस चार दिवसीय अभियान के सफल संचालन में महिला एवं बाल विकास विभाग की आउटरीच वर्कर गुणवती सिरसाम, बसंती कतलाम और अखिलेश कुमार की सक्रिय भूमिका रही। उन्होंने मंदिर परिसर में लगातार उपस्थित रहकर श्रद्धालुओं के बीच जागरूकता संदेश पहुंचाया।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top