बीईओ राजेश कुमार पिस्दा ने किया निपानी संकुल का आकस्मिक निरीक्षण, विद्यार्थियों की शैक्षणिक स्थिति परखी

Darshan Balod
0

 






बालोद। विकासखंड शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार पिस्दा ने गुरुवार को संकुल निपानी के अंतर्गत विभिन्न शासकीय विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धि, पठन स्तर एवं परीक्षा की तैयारियों का जायजा लिया और शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत सेजेस निपानी एवं शासकीय हाई स्कूल तमोरा से हुई। हाई स्कूल तमोरा में कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों से संस्कृत विषय से संबंधित प्रश्न पूछे गए। इसके बाद माध्यमिक शाला तमोरा में बच्चों से पहाड़े पूछकर उनके गणितीय अभ्यास की स्थिति देखी गई। प्राथमिक शाला तमोरा में कक्षा चौथी एवं पांचवीं के विद्यार्थियों का पठन स्तर जांचा गया। बीईओ ने शिक्षकों को बच्चों को अधिक से अधिक धारा प्रवाह पढ़ने एवं अभ्यास के अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

प्राथमिक शाला नागाड़बरी में भी विद्यार्थियों के पठन स्तर का अवलोकन किया गया। बच्चों में अभिव्यक्ति कौशल विकसित करने के लिए अधिक अवसर उपलब्ध कराने तथा आवश्यकता के अनुसार उपचारात्मक शिक्षण पर जोर दिया गया।

हाई स्कूल स्तर पर कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के लिए डाउट कॉपी बनाने और मेंटर शिक्षक नियुक्त कर विद्यार्थियों की विषय संबंधी शंकाओं का समाधान कराने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए व्यक्तिगत लक्ष्यों को भी देखा गया। विद्यालय में ‘मेरा लक्ष्य, मेरा अभिमान’ के माध्यम से विद्यार्थियों के लक्ष्य प्रदर्शित किए गए थे, जिसकी जानकारी ली गई।

बीईओ ने टॉपर विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाएं दिखाने तथा अन्य विद्यार्थियों को उनसे सीख लेकर अधिक से अधिक अभ्यास करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों को विषयवार ब्लूप्रिंट उपलब्ध कराया गया है, ताकि वे परीक्षा में पूछे जाने वाले महत्वपूर्ण इकाइयों पर केंद्रित होकर अध्ययन कर सकें।

इस दौरान शिक्षकों के साथ बैठक भी आयोजित की गई। इसमें विषयवार शिक्षण में आने वाली समस्याओं तथा विद्यार्थियों को होने वाली कठिनाइयों पर चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान प्राथमिक शाला निपानी एवं पूर्व माध्यमिक शाला निपानी का भी अवलोकन किया गया। वहीं हाई स्कूल करहीभदर में कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों से संस्कृत विषय के प्रश्न पूछे गए और संस्कृत विषय के ब्लूप्रिंट तथा आगामी परीक्षा में पूछे जाने वाले प्रश्नों के स्वरूप की आवश्यक जानकारी दी गई।

निरीक्षण के दौरान प्राचार्य ए.सी. नायक, निपानी सीएसी योगलाल भुआर्य तथा संकुल शैक्षिक समन्वयक लाल रघुवीर सिंह ठाकुर, संकुल देवारभाट सहित संबंधित विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top