आत्मज्ञान भवन में मां दुर्गा, लक्ष्मी, सरस्वती, काली और उमा के चैतन्य स्वरूप का दर्शन कर अतिथियों ने सराहा आध्यात्मिक संदेश
बालोद। नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के आत्मज्ञान भवन, आमापारा बालोद में आयोजित चैतन्य देवियों की झांकी के तीसरे दिन का उद्घाटन कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग एवं भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने किया। झांकी में मां दुर्गा, मां लक्ष्मी, मां सरस्वती, मां काली एवं मां उमा के चैतन्य स्वरूप को प्रस्तुत किया गया है।
कार्यक्रम में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष पवन साहू, भूतपूर्व जिला अध्यक्ष केसी पवार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, नगर पालिका दल्ली राजहरा अध्यक्ष तोरण साहू, दीपा साहू, तहसीलदार संध्या नामदेव एवं ब्रह्माकुमारीज बालोद की संचालिका बीके विजयलक्ष्मी दीदी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
अतिथियों ने चैतन्य झांकी की विशेषता और इसके माध्यम से दिए जा रहे आध्यात्मिक संदेश की सराहना की। भाजपा जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि झांकी के माध्यम से भारत की प्राचीन परंपरा, संस्कृति, सभ्यता और आध्यात्मिक विरासत से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त होती हैं।
सांसद भोजराज नाग ने कहा कि झांकी के माध्यम से आत्मा और परमात्मा को जानने की साधना के बारे में जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि मनुष्य होना बड़ी बात नहीं, बल्कि मनुष्य होकर अपनी जीवात्मा और परमात्मा को जानना महत्वपूर्ण है। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज द्वारा दी जा रही आध्यात्मिक शिक्षा को समझने और उसका लाभ लेने का आह्वान किया।
बीके विजयलक्ष्मी दीदी ने बताया कि झांकी के माध्यम से राजयोग साधना का संदेश प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि मनुष्य की कर्मेंद्रियां पांच घोड़ों के समान हैं, जो अनियंत्रित होकर अलग-अलग दिशाओं में ले जाती हैं। राजयोग के अभ्यास से इन पर नियंत्रण स्थापित कर जीवन को सही दिशा दी जा सकती है।
21 अक्टूबर से शुरू होगा पांच दिवसीय राजयोग शिविर
ब्रह्माकुमारीज की ओर से बताया गया कि नवरात्रि के बाद 21 अक्टूबर से पांच दिवसीय राजयोग शिविर प्रारंभ होगा। इसमें नगरवासी प्रातः 7 से दोपहर 12 बजे तथा शाम 5 से रात 8 बजे के बीच अपनी सुविधानुसार एक घंटे का समय चुनकर शिविर का लाभ ले सकते हैं।
चैतन्य देवियों की झांकी के दर्शन प्रतिदिन शाम 6:30 बजे से रात 10 बजे तक आत्मज्ञान भवन, आमापारा, बालोद में किए जा सकते हैं। आयोजकों ने नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर झांकी का दर्शन करने और इसके आध्यात्मिक संदेश को समझने की अपील की है।



