गुरुर में पांच देवियों की चैतन्य झांकी के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु, विधायक संगीता सिन्हा ने दिया नारी शक्ति और संस्कारों का संदेश

Darshan Balod
0

 




ब्रह्माकुमारी प्रभु उपहार भवन में नवरात्रि पर पांच दिवसीय आयोजन का समापन, मां दुर्गा, लक्ष्मी, सरस्वती, काली और उमा के स्वरूपों के दर्शन कर श्रद्धालु हुए भावविभोर; नशामुक्ति का भी दिलाया संकल्प

गुरुर/तार्रीभरदा। नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के प्रभु उपहार भवन गुरुर में आयोजित पांच देवियों की चैतन्य झांकी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सोमवार को झांकी के पांचवें एवं अंतिम दिवस पर मां दुर्गा, मां लक्ष्मी, मां सरस्वती, मां काली और मां उमा के सजीव स्वरूपों के दर्शन करने गुरुर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा।

समापन दिवस पर क्षेत्रीय विधायक संगीता सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित करने और चैतन्य देवियों की पूजा-अर्चना के साथ हुआ।

नवरात्रि नारी शक्ति, पवित्रता और आत्मबल का पर्व : संगीता सिन्हा

विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि नवरात्रि केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं, बल्कि नारी शक्ति, पवित्रता, आत्मबल और सदाचार को जागृत करने का अवसर भी है। देवी स्वरूपों से प्रेरणा लेकर जीवन में अच्छाइयों को अपनाने तथा समाज में शांति और सद्भाव स्थापित करने का प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय समाज को आध्यात्मिकता, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक जीवनशैली की दिशा में प्रेरित करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। ब्रह्माकुमारी बहनें समाज को सही दिशा दिखाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। संस्था द्वारा चलाए जा रहे नशामुक्ति अभियान भी समाज के लिए महत्वपूर्ण हैं।

संस्कार और नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश

कार्यक्रम में भास्कर प्रतिनिधि दुलार साहू ने कहा कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय लोगों को संस्कार, विद्या और नशे से दूर रहकर सम्मानपूर्ण जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को सामाजिक जागरूकता और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने वाला बताया।

संस्था की गुरुर संचालिका बीके सरस दीदी ने कहा कि नवरात्रि देवी-देवताओं की पूजा के साथ आध्यात्मिक शक्ति बढ़ाने का पर्व भी है। देवी-देवताओं के गुणों को समझकर उन्हें अपने जीवन में अपनाना ही सच्ची साधना है। शिक्षा के साथ संस्कारों पर ध्यान देना भी आवश्यक है।

इस अवसर पर बीके सरस दीदी ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाई। उन्होंने नशे से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी देते हुए लोगों को नशे से दूर रहने और आध्यात्मिक मार्गदर्शन के लिए संस्था के केंद्र से जुड़ने की प्रेरणा दी।

अतिथियों ने की पूजा-अर्चना, पांच देवियों की झांकी बनी आकर्षण

समापन कार्यक्रम में संस्था संचालिका बीके सरस दीदी, बीके परमेश्वरी दीदी, पार्षद चिदानंद साहू, शासकीय नवीन महाविद्यालय गुरुर के प्राचार्य जीआर रावटे, नागवंशी मैडम, राकेश साहू सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने चैतन्य देवियों की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। पांच देवियों के आकर्षक स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहे।

संस्था के भाई-बहनों का रहा विशेष सहयोग

कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था से जुड़ी चंद्रिका बहन, शांता माता, पुष्पलता, विनीता, तुलसी साहू, पल्लवी बहन, सत्यभामा बहन, षष्ठकृत भाई, सेवक भाई, घनश्याम भाई, नंदकुमार भाई, पुरन भाई, खिलानंद भाई, अमीरचंद भाई, बृजेश्वरी बहन सहित अन्य भाई-बहनों का विशेष सहयोग रहा।

पांच दिवसीय चैतन्य झांकी के समापन के साथ श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक जागरूकता, संस्कार, नारी शक्ति के सम्मान और नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top