करोड़ों की मशीनों के उपयोग, विशेषज्ञ डॉक्टरों और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर उठाए सवाल; सिविल सर्जन से युवाओं ने किया जवाब-तलब
बालोद। जिले के सबसे बड़े सरकारी स्वास्थ्य संस्थान जिला अस्पताल बालोद की व्यवस्थाओं को लेकर युवा कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अस्पताल के मुख्य गेट के सामने बैठकर सांकेतिक शव रखकर प्रदर्शन किया और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति पर सवाल उठाए।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल को सर्वसुविधायुक्त अस्पताल के रूप में विकसित करने के बावजूद मरीजों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उनका कहना है कि गंभीर मरीजों को उपचार के बजाय दूसरे शहरों के अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है, जिससे लोगों को आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
“करोड़ों की मशीनें धूल खा रहीं, विशेषज्ञ निजी अस्पतालों में दे रहे सेवाएं”
युवा कांग्रेस नेताओं ने अस्पताल में उपलब्ध करोड़ों रुपये की मशीनों के उपयोग को लेकर भी सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कई महंगी मशीनें उपयोग के अभाव में धूल खा रही हैं। वहीं कुछ विशेषज्ञ डॉक्टरों को लेकर भी आरोप लगाया गया कि वे राज्य सरकार से वेतन लेने के बावजूद निजी अस्पतालों में सेवाएं दे रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने इन आरोपों की जांच कराने और जिला अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का मरीजों के हित में प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने की मांग की।
सिविल सर्जन से भी मांगा जवाब
प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. आरके श्रीमाली से अस्पताल की व्यवस्थाओं और उठाई गई शिकायतों को लेकर जवाब-तलब किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उन्हें समस्याओं के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाया।
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि जिला अस्पताल में मरीजों को समुचित उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं, तो इसे “जिला रेफर सेंटर” घोषित कर देना चाहिए, क्योंकि मरीजों को बार-बार दूसरे अस्पतालों में भेजे जाने से जिला अस्पताल की उपयोगिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान प्रशांत बोकड़े, साजन पटेल, पार्षद सुमित राजपूत सहित युवा कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की मांग उठाई।


