गुंडरदेही के बघमरा, देवरी (ख) और खुटेरी क्षेत्र में औचक निरीक्षण; अर्जुन्दा आरक्षी केंद्र की अभिरक्षा में रखे गए दोनों वाहन
बालोद, 16 अक्टूबर। जिले में रेत के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने शुक्रवार तड़के गुंडरदेही विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर दो हाईवा वाहनों को जब्त किया गया।
सुबह-सुबह कार्रवाई, इन नंबरों के वाहन जब्त
खनिज विभाग की टीम ने 16 अक्टूबर को ग्राम बघमरा, देवरी (ख) और खुटेरी क्षेत्र में निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान हाईवा वाहन क्रमांक सीजी 08 एयू 5509 और सीजी 04 पीएन 7011 को जब्त किया गया। दोनों वाहनों को अर्जुन्दा आरक्षी केंद्र की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
खनिज विभाग के अनुसार, जब्त वाहनों के मामले में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग की टीम जिले में खनिज संसाधनों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए लगातार निरीक्षण कर रही है। अवैध गतिविधियों से जुड़ी शिकायतों पर भी कार्रवाई की जा रही है।
अवैध परिवहन करने वालों को प्रशासन की चेतावनी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज संपदा का अवैध दोहन और परिवहन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन का कहना है कि खनिज संसाधनों का संरक्षण करने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए विभागीय अमला सतत निगरानी कर रहा है।


