अज्ञात मौत से शुरू हुई जांच में खुला हत्या का राज, तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों ने आरोपियों तक पहुंचाया; ADJ कोर्ट बालोद ने दोनों को आजीवन कारावास से दंडित किया
बालोद। डौंडी लोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम खड़ेनाडीह में करीब एक साल पहले हुई मनोहर निर्मलकर की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर खुलासा किया। मामले में न्यायालय ने मृतक की बहू गीता निर्मलकर और उसके कथित प्रेमी लेखराम निषाद को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
यह मामला थाना डौंडी लोहारा के अपराध क्रमांक 96/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 61(2) और 238 में दर्ज किया गया था।
अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच सामने आई संदिग्ध मौत
घटना 16 जुलाई 2025 की रात ग्राम खड़ेनाडीह में हुई थी। मनोहर निर्मलकर की मृत्यु के बाद उसकी बहू और परिवार के लोग अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि मनोहर की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और उसके चेहरे, गले तथा माथे पर चोट व जलने जैसे निशान दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मृतक के शरीर पर मिले निशानों को महत्वपूर्ण सुराग मानकर घटना की परिस्थितियों की बारीकी से पड़ताल की गई।
शॉर्ट पीएम रिपोर्ट से मिला अहम सुराग
पुलिस के अनुसार, शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण इलेक्ट्रिक शॉक पाया गया। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाते हुए मृतक के संपर्कों, परिवार के सदस्यों की गतिविधियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन जांच की गई।
विवेचना में पुलिस के अनुसार सामने आया कि मनोहर निर्मलकर की हत्या उसकी बहू गीता निर्मलकर और लेखराम निषाद ने मिलकर की थी। आरोप है कि दोनों ने रात में सोते समय उसे विद्युत करंट लगाया।
पुलिस के मुताबिक, घटना को छिपाने के लिए मृतक के चेहरे पर साइकिल से गिरने के कारण चोट लगने की बात बताई गई तथा चोट वाले स्थान पर हल्दी, गुलाल और तेल लगाया गया था।
वायर, ग्लव्स, गमछा और मोबाइल सहित अहम साक्ष्य जब्त
जांच के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त विद्युत वायर, रबर के ग्लव्स, ब्लड युक्त गमछा और मोबाइल फोन सहित अन्य सामग्री जब्त कर जांच कराई। घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया तथा भौतिक एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के साथ कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी जानकारी का विश्लेषण किया गया।
तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच और मैदानी विवेचना से पुलिस ने घटना की कड़ियों को जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
तत्कालीन थाना प्रभारी मुकेश सिंह ने की संपूर्ण विवेचना
पुलिस के अनुसार, तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह ने मामले की विवेचना को प्राथमिकता देते हुए थाना एवं साइबर सेल की टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रकरण की संपूर्ण विवेचना उनके द्वारा की गई।
राज्य शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक घनश्याम सिंह साहू ने न्यायालय में मामले की पैरवी की। पुलिस की प्रभावी विवेचना और प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर माननीय ADJ न्यायालय बालोद ने दोनों आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा से दंडित किया।
ये हैं मामले में सजा पाने वाले आरोपी
1. गीता बाई निर्मलकर, पति गोकरण निर्मलकर, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम खड़ेनाडीह, थाना लोहारा।
2. लेखराम निषाद, पिता फकीर राम, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम बड़गांव, थाना लोहारा, जिला बालोद।





