राहगीरों की सूचना पर दौड़ी हाईवे पेट्रोलिंग टीम, स्वास्थ्यकर्मियों ने मौके पर कराया सुरक्षित प्रसव; 3.2 किलो के बेटे को दिया जन्म
गुरुर/बालोद। मंगलवार को सोनोग्राफी और स्वास्थ्य जांच के लिए पति के साथ धमतरी जा रही एक गर्भवती महिला के लिए फागुनदाह चौक पर अचानक ऐसा मोड़ आया, जब उसे सड़क किनारे ही प्रसव कराना पड़ा। तेज प्रसव पीड़ा के बाद महिला सड़क किनारे बैठ गई। राहगीरों ने तत्काल हाईवे पेट्रोलिंग टीम को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और स्वास्थ्य विभाग की टीम को बुलाकर महिला की मदद की। स्वास्थ्यकर्मियों की तत्परता से सड़क किनारे ही एक स्वस्थ बच्चे की किलकारी गूंज उठी।
गुरुर थाना क्षेत्र के ग्राम टेंगनाबरपारा निवासी कुसुमलता सिन्हा अपने पति सतीश सिन्हा के साथ सोनोग्राफी और नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए धमतरी जा रही थीं। इसी दौरान फागुनदाह चौक के पास अचानक उन्हें तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। दर्द बढ़ने पर वह सड़क किनारे बैठ गईं। अचानक बनी इस स्थिति से पति और आसपास मौजूद लोगों में भी चिंता बढ़ गई।
राहगीरों ने दिखाई समझदारी, पुलिस टीम ने संभाली स्थिति
मौके पर मौजूद राहगीरों ने बिना देर किए हाईवे पेट्रोलिंग टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही आरक्षक मनोज मेश्राम, आरक्षक थमेंद्र देवांगन और वाहन चालक हीरेन्द्र साहू मौके पर पहुंचे।
महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए पेट्रोलिंग टीम ने तत्काल पुरुर शासकीय अस्पताल से स्वास्थ्यकर्मियों को घटनास्थल तक पहुंचाने की व्यवस्था की। कुछ ही समय में स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई।
सड़क किनारे स्वास्थ्यकर्मियों ने कराया प्रसव, गूंजी बेटे की किलकारी
मौके पर पहुंचीं सीएचओ माधवी धुरु, स्टाफ नर्स भारती साहू और वार्ड आया यशोमति साहू ने तत्काल स्थिति संभाली। स्वास्थ्यकर्मियों की मदद से कुसुमलता ने सड़क किनारे ही एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया।
नवजात का वजन 3 किलो 200 ग्राम बताया गया है। प्रसव के बाद मां और बच्चे दोनों की स्थिति सुरक्षित बताई गई।
पुलिस और स्वास्थ्य टीम की तत्परता से मां-बेटे को मिली समय पर मदद
प्रसव के बाद हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने जच्चा और नवजात को आगे की देखभाल के लिए पुरुर शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों को भर्ती कराया गया।
अचानक सड़क किनारे आई प्रसव की स्थिति में राहगीरों की तत्परता, हाईवे पेट्रोलिंग टीम की तुरंत मदद और स्वास्थ्यकर्मियों की सक्रियता ने मां और नवजात को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। फागुनदाह चौक पर कुछ देर के लिए बनी चिंता की स्थिति आखिरकार नवजात की किलकारी के साथ राहत और खुशी में बदल गई।

