बालोद में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ के समर्थन में कांग्रेस की बाइक रैली, मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन

Darshan Balod
0

 





मताधिकार की सुरक्षा और चुनावी पारदर्शिता की उठाई मांग, विधायक संगीता सिन्हा बोलीं—हर नागरिक का वोट उसकी आवाज और पहचान

बालोद। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस कमेटी बालोद ने नगर में बाइक रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई गई। कांग्रेस नेताओं ने कथित वोट चोरी पर रोक लगाने, मताधिकार की रक्षा करने और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया।

मताधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत: संगीता सिन्हा

छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष एवं बालोद विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का मताधिकार है। प्रत्येक नागरिक का वोट उसकी आवाज, पहचान और अधिकार का प्रतीक है। उन्होंने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 का उल्लेख करते हुए वयस्क मताधिकार के संवैधानिक महत्व को रेखांकित किया।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक को बिना भेदभाव मतदान का अधिकार प्राप्त है। मतदाता सूची या चुनावी प्रक्रिया में अनियमितता की शिकायत सामने आने पर निष्पक्ष जांच और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था के प्रति जनता का विश्वास बनाए रखना लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है।

मतदाता के वोट का सम्मान जरूरी: विकास चोपड़ा

पूर्व पालिका अध्यक्ष विकास चोपड़ा ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक के वोट का सम्मान और उसकी निष्पक्ष भागीदारी सुनिश्चित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। जनता को भरोसा होना चाहिए कि उसका मत सुरक्षित है और चुनावी प्रक्रिया निष्पक्ष है। वोट से जुड़ी किसी भी शिकायत को गंभीरता से लेकर उसका उचित समाधान किया जाना चाहिए।

जनजागरूकता बढ़ाना अभियान का उद्देश्य: नरेंद्र सिन्हा

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नरेंद्र सिन्हा ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान का उद्देश्य मताधिकार के महत्व के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता का आधार जनता का जनादेश होता है। इसलिए मतदाता के अधिकारों की रक्षा और चुनाव व्यवस्था में जनता का विश्वास बनाए रखना आवश्यक है। कांग्रेस कार्यकर्ता इस मुद्दे पर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाते रहेंगे।

हर वर्ग के वोट का समान महत्व: अंचल प्रकाश साहू

शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अंचल प्रकाश साहू ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का वोट उसकी लोकतांत्रिक पहचान और राजनीतिक भागीदारी का महत्वपूर्ण माध्यम है। गरीब, किसान, मजदूर, युवा, महिला और समाज के हर वर्ग के नागरिक के वोट का समान महत्व है। यदि किसी मतदाता को अपने वोट या मतदाता सूची में गड़बड़ी की आशंका हो, तो उसकी शिकायत की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि लोकतंत्र पर जनता का भरोसा कायम रहे। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग के साथ कथित वोट चोरी के आरोपों की निष्पक्ष जांच और मताधिकार की सुरक्षा की मांग दोहराई।

मशाल रैली में अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग

कार्यक्रम के दौरान महिला कांग्रेस की मशाल रैली के माध्यम से अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग भी उठाई गई। इस दौरान महिलाओं की सुरक्षा, न्याय और जवाबदेही के मुद्दे पर आवाज बुलंद की गई। कांग्रेसजनों ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक वोट का सम्मान, मतदाता के अधिकारों की सुरक्षा और समाज के प्रत्येक नागरिक को न्याय मिलना आवश्यक है।

बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता हुए शामिल

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त सचिव कृष्णा दुबे, पुरुषोत्तम पटेल, यज्ञदेव पटेल, रश्मि दुबे, सतीश यादव, विवेक पाण्डेय, पार्षद विनोद (बंटी) शर्मा, निर्देश पटेल, सुमित शर्मा, किरण साहू, रीता सोनी, पद्मिनी साहू, प्रियंका चोपड़ा, अनिल यादव, वैभव शर्मा, संतोष चौधरी, दाऊद खान, नेमू देशलहरा, चन्द्रहास साहू, साजन पटेल, विक्की तिगाला, फैज अली, तामेश, कान्हा, तरुण और फरहान, ऋषभ सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top