संकुल जुंगेरा के विद्यालयों का बीईओ राजेश कुमार पिस्दा ने किया आकस्मिक निरीक्षण

Darshan Balod
0

 




विद्यार्थियों के पठन स्तर, पहाड़े और तिमाही मूल्यांकन की ली जानकारी, स्वच्छता पर विशेष जोर

बालोद। विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) राजेश कुमार पिस्दा ने शनिवार को संकुल जुंगेरा के अंतर्गत संचालित विभिन्न शासकीय विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, पठन स्तर और परीक्षा की तैयारी का जायजा लिया। साथ ही शिक्षकों को शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार और विद्यालयों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत शासकीय प्राथमिक शाला खुर्सीपार से हुई। यहां बीईओ प्रातःकालीन प्रार्थना में शामिल हुए। उन्होंने प्रधानपाठक को निर्देशित किया कि स्पीकर के माध्यम से लयबद्ध तरीके से प्रार्थना कराई जाए। साथ ही विद्यालय का संचालन निर्धारित समय-सारणी के अनुसार करने, परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और यू-डाइस प्लस के अंतर्गत सभी प्रोफाइल पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने शासकीय प्राथमिक शाला मनौद का निरीक्षण किया। यहां विद्यार्थियों का पठन स्तर जांचने के साथ उनसे पहाड़े भी पूछे। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को पढ़ने, सवालों के जवाब देने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर दिए जाएं। उन्होंने विद्यालय परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने तथा शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को भी कहा।

निरीक्षण के दौरान बीईओ ने विद्यार्थियों की कॉपियां जांचीं और तिमाही मूल्यांकन में प्राप्त अंकों की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई की स्थिति समझी। साथ ही निर्देश दिया कि यदि किसी विद्यार्थी को किसी विषय में कठिनाई या शंका हो, तो उसे बेझिझक अपनी बात रखने और प्रश्न पूछने का अवसर दिया जाए, ताकि उसकी समस्याओं का समाधान किया जा सके।

उन्होंने विद्यालयों में सुबह और शाम दोनों समय स्पीकर के माध्यम से प्रार्थना कराने तथा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार शैक्षणिक गतिविधियां संचालित करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान व्याख्याता एल.के. राना, संकुल शैक्षिक समन्वयक (सीएसी) जुंगेरा गिरवर लाल देवांगन तथा संबंधित विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top