दल्ली राजहरा के शहीद वीर मेला मैदान में जुटे हजारों लोग; पर्यावरण संरक्षण, माता सीता के संघर्ष और साइबर ठगी से बचाव का दिया संदेश
दल्ली राजहरा। जन मुक्ति मोर्चा छत्तीसगढ़ ने अपनी परंपरा के अनुसार गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026 को शहीद वीर मेला मैदान में दशहरा उत्सव मनाया। इस आयोजन की खास बात यह रही कि यहां प्रतीकात्मक रूप से आज के सामंतवाद, पूंजीवाद, साम्राज्यवाद और भ्रष्टाचार रूपी रावण का दहन किया गया। कार्यक्रम में रामलीला मंचन, पर्यावरण संरक्षण पर जागरूकता और अतिथियों के संबोधन के साथ हजारों लोग शामिल हुए।
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
कार्यक्रम की शुरुआत में दल्ली राजहरा के पर्यावरण प्रेमी प्रदीप साहू, टिकेश्वर साहू, सुरेश बघेल, राजभान साहू और उनके साथियों ने मंच से सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों तथा पेड़ों की कटाई से पर्यावरण और मानव जीवन पर पड़ने वाले असर के बारे में जानकारी दी। उन्होंने आम लोगों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
इसके बाद रात करीब 8:30 बजे राजनांदगांव जिले के माटरा खुज्जी से आए जय मां सरस्वती रामधुनी एवं फाग परिवार की रामलीला मंडली ने मंचन प्रस्तुत किया। रात करीब 9:15 बजे राजा रावण की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद मंचीय कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत किया गया।
माता सीता के संघर्षों से सीख लेने की अपील
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दल्ली राजहरा थाना प्रभारी सुनील तिर्की रहे, जबकि अध्यक्षता शहीद अस्पताल के मुख्य चिकित्सक डॉ. शैबाल जाना ने की। विशेष अतिथियों में युवराज साहू, पूर्व अध्यक्ष तहसील साहू समाज दल्ली राजहरा, समाजसेवी रमन्ना राव, सुजीत झा, नागेंद्र, प्रवीण शर्मा, कंवल बैगा, कलीराम सलामे, बसंत रावटे, महेंद्र गंजिर और संजय सिंह सहित अन्य लोग शामिल रहे।
अपने संबोधन में डॉ. शैबाल जाना ने कहा कि समाज में भगवान राम की पूजा की जाती है, लेकिन माता सीता के संघर्षों को भी समझना और उनसे सीख लेना जरूरी है। उन्होंने माता सीता के जीवन-संघर्षों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
साइबर ठगी से बचने के लिए ओटीपी साझा न करने की सलाह
दल्ली राजहरा थाना प्रभारी सुनील तिर्की ने मोबाइल के माध्यम से व्यक्तिगत गोपनीयता भंग होने और साइबर ठगी के बढ़ते मामलों पर लोगों को जागरूक किया। उन्होंने सरल शब्दों में साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी साझा नहीं करना चाहिए। उन्होंने मोबाइल का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने और ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने की अपील की।
रंगीन आतिशबाजी के बीच हुआ रावण दहन
रात करीब 9:45 बजे रामलीला का मंचन दोबारा शुरू हुआ। इसके बाद रात लगभग 10 बजे रंगीन आतिशबाजी के बीच सामंतवाद, पूंजीवाद, साम्राज्यवाद और भ्रष्टाचार रूपी रावण का दहन किया गया। रावण दहन के बाद रामलीला का मंचन फिर शुरू हुआ। कलाकारों ने रामलीला के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और पूतना वध की लीला का भी मंचन किया।
बड़ी संख्या में शामिल हुए लोग
कार्यक्रम में क्षेत्र के हजारों आम नागरिक उपस्थित रहे। शहीद अस्पताल से डॉ. दिपांकन जाना, डॉ. वेदकुमार घंटा, डॉ. प्रीति अधिकारी, डॉ. टेसा और डॉ. अमित बाबू सहित अन्य चिकित्सक शामिल हुए। विद्युत मंडल दल्ली राजहरा से सुनील ठाकुर भी उपस्थित रहे।
जन मुक्ति मोर्चा छत्तीसगढ़ की ओर से जीत गुहा नियोगी, मूलचंद चंदेल, चंद्रशेखर यादव, विजय सिंह, नरेंद्र ग्वाल, मानी भैया, हितेश साहू, शैलेंद्र नेताम, ग्रीजित दुग्गा, सुधीर यादव, नरेश नायक, नवल चंद्राकर, शत्रुघ्न साहू और भोमराज सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन ईश्वर निर्मलकर ने किया।
जन मुक्ति मोर्चा छत्तीसगढ़ के इस आयोजन में पारंपरिक दशहरा उत्सव के साथ सामाजिक, पर्यावरणीय और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया।





