छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर भी नहीं थमा स्वच्छता का संकल्प, 1,345वें दिन भी जुटी रही स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति

Madhu Sahu Desk Incharge
0

 






दुर्ग, बालोद और भिलाई के पांच प्रमुख स्थलों पर चलाया स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, जल संरक्षण, नशामुक्ति और गाजर घास उन्मूलन का दिया संदेश; नवनीत हरदेल ने युवाओं से अभियान में जुड़ने की अपील की

बालोद/दुर्ग। छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर भी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प निरंतर जारी रहा। 'हरा-भरा, स्वच्छ धरा' के उद्देश्य को लेकर स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति द्वारा नवनीत कुमार हरदेल के मार्गदर्शन में लगातार 1,345वें दिन स्वच्छता, पौधारोपण, जल संरक्षण, गाजर घास उन्मूलन और नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित अंजोरा खुर्द दुर्ग, शिव पार्वती धाम बालोद, शिव दुर्गा मंदिर सेक्टर-10 भिलाई, शिव मंदिर शिवनाथ नदी मुक्तिधाम दुर्ग तथा कपीश्वर मंदिर परिसर भिलाई में साफ-सफाई की गई। इस दौरान झिल्ली, डिस्पोजल, प्लास्टिक चम्मच, पानी पाउच, खाद्य पदार्थों के रैपर, प्लास्टिक बोतल, अनावश्यक खरपतवार, गाजर घास और सूखी डालियों सहित अन्य कचरे को एकत्रित कर निर्धारित स्थान पर डंप किया गया।

नारों के माध्यम से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

स्वच्छता अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने आसपास के लोगों को जागरूक करते हुए कई प्रेरणादायक नारे लगाए। इनमें 'जल है तो बल है', 'पौधे लगाकर पेड़ बनाओ, जीवन में खुशियां बरसाओ', 'नशे का होना आदी, घर परिवार की है बर्बादी', 'खुले में न शौच करें, न करने दें, न करवाएं' तथा 'जागो और जगाओ, स्वच्छता अपनाओ' जैसे नारों के माध्यम से स्वच्छता, जल संरक्षण, नशामुक्ति और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया गया।

एकत्रित कचरे का शीघ्र निष्पादन करने प्रशासन से निवेदन

इस अवसर पर स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति ने निगम प्रशासन एवं संबंधित ग्राम पंचायतों से निवेदन किया कि समिति द्वारा विभिन्न स्थानों पर एकत्रित किए गए कचरे का शीघ्र उचित निष्पादन कराया जाए, ताकि स्वच्छता अभियान का उद्देश्य पूरी तरह सफल हो सके।

युवाओं से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील

समिति के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक व्यक्ति या संगठन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति के बैनर तले गांव, कस्बे, शहर, प्रदेश, देश और विदेश में रहने वाले बच्चे, बुजुर्ग एवं युवा इस जनहितकारी जागरूकता अभियान से जुड़कर समाजसेवा में योगदान दे सकते हैं।

इच्छुक व्यक्ति समिति से मोबाइल नंबर 7879558764 पर संपर्क कर सकते हैं। समिति की ओर से हरसंभव सहायता का प्रयास किया जाएगा। हरदेल ने विशेष रूप से जेनजी (युवा वर्ग) से अधिक से अधिक संख्या में इस जनजागरूकता अभियान का हिस्सा बनने की अपील की।

इनकी रही सक्रिय सहभागिता

इस अभियान में छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल, संयुक्त सचिव सुरेन्द्र साहू, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती थनेश्वरी हरदेल, टीनल हरदेल, कार्तिक राम चंद्राकर, टिकेंद्र हरदेल, भागीरथी सिन्हा, दाऊ लाल बघेल, भानु सिंह साहू, श्वेता जैन, निकिता जयेश शिंगणे, सरोज टहनगुरिया, दुर्योधन साहू, महेंद्र यादव, चितरंजन दुर्गा देशमुख, आनंद राम सहित अनेक गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

समिति का यह निरंतर अभियान समाज को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामूहिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top