धमतरी पुलिस ने दी चेतावनी, वाहन पंजीयन, बीमा नवीनीकरण और PUC पर पड़ सकता है असर; वाहन जब्ती और ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई भी संभव
धमतरी। जिले में लंबे समय से ई-चालान का भुगतान नहीं करने वाले वाहन चालकों के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी पुलिस यातायात ने वाहन चालकों से लंबित ई-चालानों की स्थिति जांचकर समय पर भुगतान करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि लंबे समय से लंबित चालानों के मामलों में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
लंबित चालानों से प्रभावित हो सकती हैं जरूरी वाहन सेवाएं
धमतरी पुलिस के अनुसार, लंबे समय तक ई-चालान लंबित रहने पर वाहन पंजीयन, बीमा नवीनीकरण एवं प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) जैसी आवश्यक सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। इसके अलावा नियमानुसार वाहन जब्ती और ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।
ऑनलाइन पोर्टल पर जांचें चालान की स्थिति
वाहन चालक अपने वाहन पर लंबित ई-चालानों की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट https://echallan.parivahan.gov.in पर देख सकते हैं। बकाया चालानों का भुगतान ऑनलाइन किया जा सकता है। पुलिस ने चालान भुगतान के लिए केवल अधिकृत सरकारी वेबसाइट का उपयोग करने तथा अनजान लिंक, फर्जी कॉल और संदिग्ध मैसेज से सावधान रहने को कहा है।
राष्ट्रीय लोक अदालत में भी हो सकता है लंबित चालानों का निराकरण
धमतरी पुलिस ने लंबे समय से लंबित चालानों के निराकरण के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की है। इसके माध्यम से नियमानुसार उपलब्ध छूट एवं राहत का लाभ लिया जा सकता है।
यातायात नियमों के पालन पर पुलिस का जोर
धमतरी पुलिस ने वाहन चालकों से अपने दस्तावेज अद्यतन रखने, यातायात नियमों का पालन करने और लंबित ई-चालानों का समय पर भुगतान करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, यातायात नियमों का पालन स्वयं और दूसरों की जान-माल की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।
