दीपावली से पहले तीन माह का बकाया वेतन दिलाने कलेक्टर से मिले आदिम जाति कल्याण विभाग के कर्मचारी, ज्ञापन सौंपकर रखी मांग

Madhu Sahu Desk Incharge
0






सहायक आयुक्त द्वारा बजट की कमी के चलते दीपावली पर भुगतान नहीं हो पाने की बात कहे जाने के बाद संघ ने उठाया कदम; कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को त्योहार से पहले वेतन भुगतान के निर्देश दिए, मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी


बालोद। दीपावली का त्योहार नजदीक है, लेकिन आदिम जाति कल्याण विभाग के छात्रावासों और आश्रमों में पदस्थ कई कर्मचारियों को पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिला है। बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर आदिम जाति कल्याण विभाग कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और दीपावली से पहले वेतन जारी कराने की मांग की।


संघ के अनुसार, छात्रावासों एवं आश्रमों में पदस्थ कलेक्टर दर, मौखिक एवं अंशकालीन स्वीपर सहित अन्य कर्मचारियों का तीन माह का वेतन लंबित है। कर्मचारियों ने इस संबंध में विभाग के सहायक आयुक्त से भी निवेदन किया था, लेकिन बजट उपलब्ध नहीं होने के कारण दीपावली पर्व पर भुगतान नहीं हो पाने की बात कही गई।


इसके बाद कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर के समक्ष अपनी समस्या रखी। कलेक्टर ने दीपावली से पहले वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए हैं।


संघ पदाधिकारियों ने सौंपा ज्ञापन


ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में संघ के जिलाध्यक्ष संदीप कुमार साहू, जिला सचिव नंदकिशोर साहू, कार्यकारिणी सदस्य ललित सिन्हा, नरेंद्र साहू, ठाकुर राम, हरक राम, महिला अध्यक्ष लीला पिस्दा, महिला सचिव मधुलता साहू सहित संघ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


हर माह वेतन नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी


वेतन भुगतान के मुद्दे को लेकर विभाग के कर्मचारियों ने बैठक भी की। बैठक में कर्मचारियों ने निर्णय लिया कि यदि आने वाले दिनों में प्रत्येक माह नियमित रूप से वेतन का भुगतान नहीं किया जाता है, तो वे वेतन संबंधी समस्या के साथ अपनी अन्य मांगों को लेकर आंदोलन करेंगे। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को चेतावनी भी दी गई है।


कर्मचारियों का कहना है कि त्योहार के समय तीन माह का वेतन लंबित रहना उनके सामने आर्थिक परेशानी खड़ी कर रहा है। अब कर्मचारियों को कलेक्टर के निर्देश के बाद दीपावली से पहले बकाया वेतन मिलने की उम्मीद है।


Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top