लगातार 1,274वें दिन स्वच्छ धरा टीम ने चलाया सफाई और पर्यावरण संरक्षण अभियान

Darshan Balod
0


छत्तीसगढ़ के विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण, जल संरक्षण, गाजर घास उन्मूलन और नशामुक्ति को लेकर किया जागरूकता अभियान

दुर्ग/बालोद। पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं जल संरक्षण के उद्देश्य से स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ द्वारा लगातार 1,274वें दिन प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता, पौधारोपण, जल संरक्षण, नशामुक्ति एवं गाजर घास उन्मूलन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। समिति के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल के मार्गदर्शन में आयोजित अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्वयं श्रमदान कर सार्वजनिक स्थलों, मंदिर परिसरों, नदी-तालाबों एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई की।

अभियान के तहत धमतरी के ग्राम पीपरछेड़ी कुकरी नाला, शिवनाथ नदी मुक्ति धाम दुर्ग, महादेव घाट रायपुर, भिलाई के हुडको तालाब, रिसाली दशहरा मैदान, ग्राम अंजोरा खुर्द, कपिश्वर मंदिर भिलाई, शिव दुर्गा मंदिर भिलाई, शिव पार्वती धाम बालोद, शिव मंदिर महाकाल सुरेगांव सहित विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियां संचालित की गईं।

शिवनाथ नदी मुक्ति धाम में स्वच्छता के साथ स्मृति में किया पौधारोपण

धमतरी के ग्राम पीपरछेड़ी स्थित कुकरी नाला परिसर में टीम ने साफ-सफाई कर अनावश्यक खरपतवार हटाया। वहीं शिवनाथ नदी स्थित प्राचीन शिव मंदिर मुक्ति धाम परिसर में झिल्ली, डिस्पोजल, दोना-पत्तल, प्लास्टिक एवं अन्य कचरे को एकत्रित कर निर्धारित स्थान पर डंप किया गया। पूर्व में लगाए गए पौधों के आसपास निंदाई-गुड़ाई कर उनकी देखभाल भी की गई।

प्राचीन शिव मंदिर के अध्यक्ष स्वर्गीय राजू शर्मा, जिनका 18 अगस्त को निधन हो गया था, की स्मृति में सावन पर्व के अवसर पर समिति की ओर से शमी का पौधा भी रोपित किया गया।

मंदिरों और नदी-तालाबों में चलाया स्वच्छता अभियान

रायपुर के महादेव घाट में समिति के सक्रिय सदस्य शंकर गोटे की टीम ने शिव मंदिर एवं घाट परिसर में सफाई कर लोगों को स्वच्छता और पौधारोपण के प्रति जागरूक किया। भिलाई के हुडको तालाब में गाजर घास उन्मूलन एवं स्वच्छता अभियान चलाकर एकत्रित कचरे को निर्धारित स्थान पर पहुंचाया गया।

जयंती स्टेडियम में आयोजित शिव महापुराण कथा स्थल पर समिति के आजीवन सदस्य भानु शंकर बेलचंदन की टीम ने स्वच्छता अभियान चलाकर श्रद्धालुओं से कथा स्थल को स्वच्छ रखने की अपील की। इस दौरान सदस्य भागीरथी सिन्हा एवं बालूराम वर्मा ने श्रद्धालुओं को प्याऊ के माध्यम से पानी पिलाने की सेवा भी की।

बालोद के शिव पार्वती धाम, सुरेगांव के शिव मंदिर महाकाल, भिलाई के शिव दुर्गा मंदिर एवं कपिश्वर धाम में भी सफाई अभियान चलाया गया।

गाजर घास को जड़ से उखाड़कर किया नष्ट

ग्राम अंजोरा दुर्ग में स्वास्थ्य के लिए हानिकारक गाजर घास को जड़ से उखाड़कर नष्ट किया गया। समिति के सदस्यों ने बताया कि बरसात के मौसम में हर वर्ष गाजर घास उन्मूलन अभियान चलाया जाता है। इसे जड़ से हटाने के कारण कई स्थानों पर इसके फैलाव में कमी आई है।

अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों से झिल्ली, कागज, खाद्य पदार्थों के रैपर, प्लास्टिक चम्मच, पानी के पाउच, प्लास्टिक बोतल, गुटखा पाउच, इस्तेमाल किए गए दोना-पत्तल, शराब की बोतल एवं डिस्पोजल सहित अन्य कचरा एकत्रित कर निर्धारित स्थान पर डंप किया गया।

नारों के माध्यम से दिया स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

समिति के सदस्यों ने बैनर, स्लोगन एवं नारों के माध्यम से लोगों को नदी, तालाब, मंदिर एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने, जल संरक्षण, पौधारोपण, नशामुक्ति एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक किया।

अभियान के दौरान “जल है तो बल है”, “जल ही जीवन धारा है, जिसने हमें संवारा है”, “जागो और जगाओ, स्वच्छता अपनाओ”, “पौधे लगाकर पेड़ बनाओ, जीवन में खुशियां बरसाओ” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।

संस्थापक अध्यक्ष ने की तालाबों में कुंड निर्माण की अपील

स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने कहा कि समिति द्वारा प्रत्येक वर्ष स्वच्छता, जल संरक्षण, पौधारोपण, नशामुक्ति एवं गाजर घास उन्मूलन को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जाता है। उन्होंने सभी तालाबों में कुंड निर्माण की आवश्यकता बताते हुए कहा कि तालाब में पानी भरने से पहले उसकी सफाई जरूरी है, ताकि जल स्वच्छ बना रहे।

उन्होंने पौधारोपण के लिए निर्धारित स्थान का चयन करने तथा पौधों की सुरक्षा के लिए मजबूत ट्री गार्ड लगाने की अपील की। साथ ही श्रद्धालुओं से पूजन सामग्री का सीमित उपयोग करने का आग्रह किया, ताकि नदी एवं तालाबों में गंदगी कम हो।

हरदेल ने दुर्ग निगम प्रशासन से शिवनाथ नदी मुक्ति धाम महमरा एनीकट, वार्ड क्रमांक 35 में घाट पर प्रतिदिन जमा होने वाले कचरे को तत्काल उठाकर निर्धारित स्थान पर डंप कराने की मांग भी की।

महिलाओं की भी सक्रिय भागीदारी

समिति की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती थनेश्वरी हरदेल ने कहा कि स्वच्छता हमारी दैनिक जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। समिति के जागरूकता अभियानों में महिलाएं भी नियमित रूप से निःस्वार्थ भाव से सहभागिता कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि टीम केवल लोगों को जागरूक ही नहीं करती, बल्कि स्वयं कचरा उठाकर सफाई, पौधारोपण, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं गाजर घास उन्मूलन जैसे कार्य कर समाज के विभिन्न वर्गों को प्रेरित करने का प्रयास करती है। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में सहभागी बनने की अपील की।

इस अभियान में प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल, संयुक्त सचिव सुरेंद्र साहू, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती थनेश्वरी हरदेल, पीपरछेड़ी प्रभारी दिनेश देशमुख, तरुणा देशमुख, सरोज टहनगुरिया, सूर्या हरदेल, श्वेता जैन, निकिता जयेश शिंगणे, टीनल हरदेल, एकानंद देशमुख, लालजी देशमुख, सागर देशमुख, रामनाथ देशमुख, तोमेश्वर देशमुख, पुरन साहू, मुरली साहू, मुकेश देशमुख, सिया शर्मा, विभा शर्मा, गजानन यादव, भानु शंकर बेलचंदन, कार्तिक राम चंद्राकर, भानु सिंह साहू, नरेंद्र देशमुख, राजेंद्र साहू, विजय सिंह, चितरंजन देशमुख, कुंवर सिंह देशमुख, महेंद्र यादव, भागीरथी सिन्हा, डेरहा देशमुख, टिकेंद्र हरदेल, बालोद से दाऊ लाल बघेल, दुर्योधन साहू, राजेश कुमार, शंकर गोटे, प्रीति, अर्चना, पूजा, प्रकाश, विजय, प्रवीण, श्यामली, संजरेखा सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक शामिल रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top