गुरु रविदास की पावन माटी लेकर बालोद पहुंचा कलश, 17 मंडलों में होगा भ्रमण

Darshan Balod
0

 






समरसता, समानता और मानवता का संदेश लेकर गांव-गांव पहुंचेगा पवित्र कलश; भाजपा कार्यालय जुंगेरा में हुआ भव्य स्वागत

बालोद, 22 अगस्त 2026। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से लाई गई पावन माटी युक्त कलश का शनिवार को बालोद जिले में श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया। बंजारी धाम जुंगेरा मंदिर से विधि-विधान एवं बाजे-गाजे के साथ कलश को भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय जुंगेरा लाया गया। यहां पूजा-अर्चना के बाद जिले के सभी 17 मंडलों के लिए कलश का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में छत्तीसगढ़ खाद्य उद्योग के अध्यक्ष संदीप शर्मा तथा कबीर आश्रम परसदा के महंत पंचम दास शास्त्री प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

प्रदेश के 36 संगठन जिलों तक पहुंचाया जा रहा पावन कलश

बताया गया कि रायपुर स्थित श्रीराम मंदिर में प्रदेश के संत-महात्माओं की उपस्थिति में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, समाज के प्रमुख प्रतिनिधियों एवं भाजपा के वरिष्ठ नेताओं द्वारा वाराणसी से लाई गई पावन माटी युक्त कलश की विधिवत पूजा-अर्चना की गई थी। इसके बाद प्रदेश के सभी 36 संगठन जिलों के अध्यक्षों को कलश सौंपा गया, ताकि संत रविदास महाराज के समरसता और सामाजिक समानता के संदेश को गांव-गांव और नगर-नगर तक पहुंचाया जा सके।

‘जहां भक्ति है, वहां शक्ति और जहां समरसता है, वहां प्रगति’

स्वागत उद्बोधन में भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने कहा कि जहां भक्ति है, वहां शक्ति है और जहां समरसता है, वहां समाज की वास्तविक प्रगति होती है। गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन कार्यक्रम सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश लेकर आगे बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि यह कलश केवल एक पात्र नहीं, बल्कि पवित्रता, आस्था, मंगल और शुभ संकल्प का प्रतीक है। इसके माध्यम से संत रविदास महाराज के समानता, समरसता और मानवता के विचारों को गांव, शहर, गली और मोहल्ले तक पहुंचाने का संकल्प लिया जा रहा है।

हर काम महत्वपूर्ण, कोई काम छोटा-बड़ा नहीं

मुख्य वक्ता संदीप शर्मा ने संत रविदास महाराज के जीवन एवं विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे भक्ति काल के महान संत एवं समाज सुधारक थे। उन्होंने समाज को कर्म की महत्ता का संदेश दिया। उनका जीवन बताता है कि कोई भी काम छोटा नहीं होता, बल्कि ईमानदारी और समर्पण से किया गया प्रत्येक कार्य महत्वपूर्ण होता है।

उन्होंने कहा कि संगठन और समाज में भी प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बूथ स्तर से लेकर बड़े दायित्व तक प्रत्येक व्यक्ति का योगदान महत्वपूर्ण है। संत रविदास महाराज का जीवन कर्मप्रधान व्यवस्था, सामाजिक जागरण और मानव कल्याण की प्रेरणा देता है।

उन्होंने आधुनिक दौर में मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी सेल एवं व्हाट्सऐप जैसे माध्यमों से संतों के विचारों और सकारात्मक संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

संतों के विचारों पर चलने से जीवन होगा सार्थक

महंत पंचम दास शास्त्री ने कहा कि संत रविदास महाराज महान संत थे। उनके विचारों और संदेशों पर चलने से जीवन सार्थक होगा। भारत धर्म और अध्यात्म की भूमि है तथा साधु-संत हमारी सामाजिक एवं आध्यात्मिक चेतना के प्रमुख आधार हैं।

उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र के कल्याण के लिए धर्म, संत परंपरा और सद्विचारों के साथ आगे बढ़ना आवश्यक है।

17 मंडलों में होगा पावन कलश का भ्रमण

कार्यक्रम संयोजक टीनेश्वर बघेल ने सभी मंडल अध्यक्षों से आह्वान किया कि वे पावन माटी युक्त कलश को अपने-अपने मंडलों में श्रद्धापूर्वक ले जाकर अधिक से अधिक लोगों को दर्शन लाभ कराएं और संत रविदास महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं।

पावन कलश का आगामी दिनों में जिले के सभी 17 मंडलों में भ्रमण कराया जाएगा। इस दौरान समरस समाज, सामाजिक समानता, भाईचारे एवं मानव कल्याण का संदेश देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री राकेश ‘छोटू’ यादव ने किया। उन्होंने संत रविदास महाराज को सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का प्रकाश स्तंभ बताते हुए उनके विचारों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।

29 जुलाई 2026 से फरवरी 2027 तक चलेगा अभियान

उल्लेखनीय है कि ‘समरसता संकल्प अभियान’ 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक पूरे प्रदेश में संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत धार्मिक, सामाजिक एवं जनजागरण कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक सद्भाव, एकता और समरसता को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में लघु वनोपज संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पवन साहू, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू, जिला महामंत्री राकेश ‘छोटू’ यादव एवं सौरभ लुनिया, पूर्व महामंत्री देवेंद्र जायसवाल एवं देवेंद्र माहला, कार्यक्रम संयोजक टीनेश्वर बघेल, कौशल साहू, जयलाल मालेकर, टी.आर. डहरे, जिला उपाध्यक्ष ठाकुर रामचंद्राकार, पवन सोनबरसा, भुनेश्वरी ठाकुर, हरिश कटझरे, मनीष झा, प्रेम साहू, लक्ष्मी साहू, नीतू सोनवानी, लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम, कमलेश सोनी, कमल पनपालिया, गुलशन साहू, संतोष कौशिक, समर्थ लाखानी, अजेंद्र साहू, रमेश गुर्जर, पालक ठाकुर, सुनीता मनहर, राजेश दसोडे, लोकेश श्रीवास्तव, बंजारी मंदिर के पुजारी दिनेश द्विवेदी सहित सभी मंडलों की कार्यक्रम टोली और बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top