आमसभा में छत्तीसगढ़ केंद्रीय महासभा की कार्यकारिणी भंग करने का प्रस्ताव; समाज के रीति-रिवाज, परंपरा और संविधान के अनुरूप संचालन का लिया संकल्प
बालोद, 23 अगस्त 2026। अखिल भारतीय हलबा-हल्बी आदिवासी समाज महासभा बालोद की आमसभा रविवार को चुरगिया मांगलिक भवन, बालोद में आयोजित हुई। महासभा में ग्राम स्तर से लेकर महासभा स्तर तक के पदाधिकारियों, पूर्व पदाधिकारियों एवं अध्यक्षों, केंद्रीय कर्मचारी प्रकोष्ठ तथा राष्ट्रीय महासभा के आमंत्रित पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। बैठक में समाज के संगठनात्मक विषयों पर चर्चा के साथ नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया।
पुरानी कार्यकारिणी को भंग करने का प्रस्ताव
आमसभा में वक्ताओं ने समाज के संगठनात्मक संचालन, आर्थिक मामलों एवं पिछले कुछ वर्षों में सामने आए विवादों को लेकर अपने विचार रखे। बैठक में आरोप लगाया गया कि वर्ष 2022 में गठित कार्यकारिणी द्वारा महासभा का नाम बदलकर छत्तीसगढ़ केंद्रीय महासभा के नाम से संचालन किया गया तथा समाज के सदस्यों के साथ कथित रूप से मनमाना रवैया अपनाया गया।
वक्ताओं ने आर्थिक अनियमितताओं के आरोपों, सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई तथा संगठन के संचालन को लेकर असंतोष व्यक्त किया। इसके बाद आमसभा में उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से छत्तीसगढ़ केंद्रीय महासभा की वर्तमान कार्यकारिणी को भंग करने का प्रस्ताव पारित किया और नवीन कार्यकारिणी के गठन का निर्णय लिया।
आर्थिक मामलों की जांच का भी प्रस्ताव
आमसभा में महासभा बालोद के नाम से बैंक में जमा राशि को लेकर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने आरोप लगाया कि बैंक में जमा राशि को पदाधिकारियों एवं समाज को जानकारी दिए बिना निजी खाते में स्थानांतरित कर बैंक खाता बंद किया गया। बैठक में पूर्व आर्थिक अनियमितताओं में कथित रूप से संलिप्त पदाधिकारियों के संबंध में आयकर विभाग एवं फर्म एवं सोसायटी से कानूनी जांच कराने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किए जाने की जानकारी दी गई।
पांच वर्ष के लिए नई कार्यकारिणी गठित
आमसभा में आगामी पांच वर्षों के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। मनोनीत पदाधिकारियों में श्रीमती चिदाकाश आर्य को अध्यक्ष, मदन बढ़ाई एवं अनुसूइय्या खरे को उपाध्यक्ष, टीकम कुमार ठाकुर (बढ़ाई) को महामंत्री तथा मुकेश पौशार्य को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।
नवीन कार्यकारिणी इस प्रकार है—
- अध्यक्ष – श्रीमती चिदाकाश आर्य
- उपाध्यक्ष – मदन बढ़ाई, अनुसूइय्या खरे
- महामंत्री – टीकम कुमार ठाकुर (बढ़ाई)
- कोषाध्यक्ष – मुकेश पौशार्य
- सचिव – मुरली भुआर्य
- सह सचिव – राजाराम तारम
- अध्यक्ष, न्याय समिति – तुकाराम सहारे
- न्याय समिति सदस्य – कैलाश हदगिया, एच.आर. गढ़िया, मुकेश ठाकुर, हिरामन पटेल
- मुख्य लेखा परीक्षक – गलेश्वर पटेल
- कार्यालय प्रभारी – संतराम मानकर
- मीडिया एवं प्रचार मंत्री – कुशल ठाकुर
युवा एवं महिला प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी भी तय
युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष – स्वरूप नायक
महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष – राजेश्वरी ठाकुर
उपाध्यक्ष – मिथिलेश तारम
महिला प्रभाग उपाध्यक्ष – ओमेश्वरी रावटे
युवा प्रकोष्ठ सचिव – ऋषिकेश ठाकुर
युवा प्रकोष्ठ कोषाध्यक्ष – कामता प्रसाद भंडारी
सह सचिव – मोहित भुआर्य
मीडिया प्रभारी – दोनेश्वर तारम
समाज सेवक – कुमार घोड़ापटीया
समाज की परंपरा और संविधान के अनुरूप काम करने की शपथ
नवमनोनीत पदाधिकारियों ने समाज गंगा को साक्षी मानकर समाज के रीति-रिवाज, परंपरा, संस्कृति एवं संविधान के अनुरूप संगठन का निष्ठापूर्वक संचालन करने की शपथ ली। इसके बाद आगामी कार्ययोजना एवं संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा की गई।
आमसभा को राष्ट्रीय महासभा के महासचिव श्यामसिंह तारम, पूर्व महासभा अध्यक्ष बी.एस. रावटे, केंद्रीय कर्मचारी प्रकोष्ठ के महामंत्री प्रेमलाल सहारे सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संबोधित करते हुए नवीन कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन टीकम ठाकुर महासचिव एवं गजेंद्र रावटे, उपाध्यक्ष कर्मचारी प्रकोष्ठ ने किया। महासभा में बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।



