रक्षा बंधन पर पुलिस जवानों की कलाई नहीं रहेगी सूनी, महिला कमांडो बांधेंगी रक्षा सूत्र

Darshan Balod
0



फाइल फोटो 

थानों और बटालियन कैंपों में पहुंचकर देंगी भाईचारे का संदेश, जवानों की लंबी उम्र और उज्ज्वल भविष्य की करेंगी कामना

बालोद। रक्षा बंधन के पावन पर्व पर जिले की महिला कमांडो पुलिस जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर भाई-बहन के रिश्ते को नई संवेदना देंगी। विगत वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी स्वयंसेवी सामाजिक महिला कमांडो अपने-अपने क्षेत्रों के पुलिस थानों एवं बटालियन कैंपों में पहुंचकर जवानों को राखी बांधेंगी।

महिला कमांडो अपने निस्वार्थ सेवा भाव और गांधीवादी तरीके से सामाजिक कार्यों के लिए जानी जाती हैं। उनके सेवा कार्यों को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन भी उन्हें सहयोग प्रदान करता रहा है।

एसपी किरण चौहान ने जताई खुशी

महिला कमांडो की इस पहल की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पुलिस जवान महिला कमांडो बहनों के स्वागत के लिए उत्सुक रहेंगे। उन्होंने स्वयं भी महिला कमांडो से रक्षा सूत्र बंधवाने की इच्छा जताई।

‘जवानों की कलाई सूनी नहीं रहेगी’

पद्मश्री शमशाद बेगम ने कहा कि पुलिस जवान लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। ड्यूटी के कारण कई जवान रक्षा बंधन जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर भी अपने घर नहीं जा पाते। ऐसे में महिला कमांडो उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें अपनेपन का एहसास कराएंगी।

उन्होंने कहा कि जवानों की कलाई रक्षा बंधन पर सूनी नहीं रहेगी। महिला कमांडो बहन बनकर उन्हें राखी बांधेंगी और उनकी लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करेंगी।

महिला कमांडो कचरी बाई ने कहा कि वे सबसे पहले पुलिस भाइयों को रक्षा सूत्र बांधेंगी और इसके बाद अपने घर-परिवार के साथ रक्षा बंधन का पर्व मनाएंगी।

महिला कमांडो की यह पहल पुलिस जवानों के प्रति सम्मान, सामाजिक सरोकार और भाई-बहन के आत्मीय रिश्ते का सुंदर संदेश प्रस्तुत करेगी।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top