मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा के प्रयासों से मिली स्वीकृति, ग्रामीणों ने निवास पहुंचकर जताया आभार
डौंडीलोहारा। ग्राम रेंगाडबरी में सर्व मंगल भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने से ग्रामीणों में खुशी की लहर है। लंबे समय से सामुदायिक भवन की आवश्यकता महसूस कर रहे ग्रामीणों के लिए यह स्वीकृति महत्वपूर्ण सौगात मानी जा रही है।
स्वीकृति मिलने के बाद ग्राम रेंगाडबरी के ग्रामीणों ने मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा के निवास पहुंचकर उनका आत्मीय स्वागत किया और पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि सर्व मंगल भवन बनने से गांव में विवाह, सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।
इस अवसर पर कुसुम शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक भवन सामाजिक एकता और आपसी सहभागिता के महत्वपूर्ण केंद्र होते हैं। सर्व मंगल भवन के निर्माण से रेंगाडबरी के लोगों को विभिन्न आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और ग्रामीणों की आवश्यकताओं के अनुरूप जनहित से जुड़े विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। गांवों में मूलभूत सुविधाओं और अधोसंरचना का विस्तार होने से ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
स्वीकृति के लिए ग्रामीणों ने कुसुम शर्मा के प्रति आभार जताते हुए कहा कि 20 लाख रुपये की यह स्वीकृति रेंगाडबरी के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस दौरान पाल सिंह यादव, शेखर निषाद, डोमार नायक, सोहन सिंह, महेंद्र निषाद, जयेश जैन, निरंजन पटौदी, संतोष गुप्ता, नीमन साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



