शिक्षकों ने बजाया आंदोलन का बिगुल, 22 अगस्त को ब्लॉक और 29 अगस्त को जिला स्तर पर प्रदर्शन

Darshan Balod
0



शिक्षक साझा मंच ने वर्षों से लंबित मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का किया ऐलान, समाधान नहीं होने पर 9 सितंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी

बालोद। शिक्षकों की वर्षों से लंबित मांगों को लेकर शिक्षक साझा मंच ने चरणबद्ध आंदोलन का शंखनाद कर दिया है। मंच के नेतृत्व में बालोद जिले के पांचों विकासखंड गुरुर, गुण्डरदेही, डौण्डी, डौण्डी लोहारा एवं बालोद में आंदोलन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

शिक्षक साझा मंच के प्रांतीय संचालक रविंद्र राठौर, विकास राजपूत एवं प्रदीप पांडे के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आंदोलन को व्यापक रूप देने की तैयारी की जा रही है। वहीं जिला संयोजक एलेन्द्र यादव एवं वेद प्रकाश साहू के नेतृत्व में 22 अगस्त 2026 को पांचों विकासखंडों में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन तथा 29 अगस्त 2026 को जिला स्तरीय आंदोलन आयोजित किया जाएगा।

सेवा, सुरक्षा, सम्मान और न्याय से जुड़ी मांगों को लेकर आंदोलन

शिक्षक साझा मंच के जिला संयोजक एवं छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन के जिलाध्यक्ष एलेन्द्र यादव ने बताया कि मंच द्वारा शिक्षकों की सेवा, सुरक्षा, सम्मान और न्याय से जुड़ी मांगों को प्रमुखता से उठाया जा रहा है।

मंच की प्रमुख मांगों में—

  • TET की अनिवार्यता समाप्त करना।

  • वरिष्ठता के क्रम में पदोन्नति करना।

  • भाजपा के संकल्प पत्र एवं मोदी की गारंटी के तहत वेतन विसंगति दूर करना।

  • पूर्व सेवा अवधि की गणना कर उसका लाभ प्रदान करना।

  • VSK एप में आ रही तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान करना।

शामिल हैं।

मंच ने इन मांगों को लेकर अब आर-पार की लड़ाई की तैयारी शुरू कर दी है। पदाधिकारियों के अनुसार यदि शासन की ओर से उचित पहल कर मांगों का समाधान नहीं किया गया तो 9 सितंबर 2026 से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई है।

‘टकराव नहीं, अधिकार और न्याय की लड़ाई’

शिक्षक साझा मंच के खिलानंद साहू, जिला सचिव, छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन बालोद ने कहा कि यह आंदोलन किसी टकराव के लिए नहीं, बल्कि शिक्षकों के अधिकार, सम्मान, न्याय और सुरक्षित भविष्य के लिए लोकतांत्रिक तरीके से किया जा रहा संघर्ष है।

उन्होंने शासन-प्रशासन से समय रहते शिक्षकों की जायज मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगों का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर राजधानी रायपुर में भी बड़ा आंदोलन करने की बात कही गई है।

पांचों विकासखंडों के शिक्षकों से आंदोलन में शामिल होने की अपील

शिक्षक साझा मंच ने बालोद जिले के प्राथमिक एवं मिडिल स्कूलों में कार्यरत सभी शिक्षक साथियों से संघवाद को छोड़कर 22 अगस्त के ब्लॉक स्तरीय एवं 29 अगस्त के जिला स्तरीय आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

मंच का कहना है कि शिक्षक लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्षरत हैं, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं होने के कारण अब आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। अब यह देखना होगा कि शिक्षकों की वर्षों पुरानी मांगों पर शासन-प्रशासन कब तक निर्णय लेता है और 22 अगस्त से शुरू होने वाला आंदोलन आगे किस दिशा में बढ़ता है।

आंदोलन की सूचना प्रशासन एवं पुलिस को दी

शिक्षक साझा मंच के अनुसार आंदोलन के संबंध में अनुविभागीय अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं थाना में सूचना दी जा चुकी है।

आंदोलन का ज्ञापन सौंपने वालों में साझा मंच के संयोजक एलेन्द्र यादव, वेदप्रकाश साहू, संदीप दुबे, जीवन लाल भुआर्य, लोकेश साहू, जय साहू, खिलानंद साहू एवं लोकेन्द्र यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top