खाना खाने के बाद सोया था 29 वर्षीय रितेश तिवारी, काटने के बाद जलन-खुजली को किया नजरअंदाज, कुछ देर बाद बिगड़ी तबीयत
डौंडीलोहारा/बालोद। ग्राम देवरी (पार्टी) में घर पर सो रहे एक युवक की सर्पदंश की आशंका के चलते इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान 29 वर्षीय रितेश तिवारी के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रितेश विगत दिवस सुबह करीब 11 बजे खाना खाने के बाद अपने घर में सो रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात जीव के काटने से उसकी नींद खुल गई। काटे गए स्थान पर जलन और खुजली महसूस होने के बावजूद उसने इसे सामान्य मानकर तत्काल गंभीरता से नहीं लिया।
बताया गया कि घटना के करीब एक से दो घंटे बाद रितेश को अचानक चक्कर आने लगे। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए डौंडीलोहारा स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि युवक को किसी जहरीले सर्प ने डंसा होगा, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
डौंडीलोहारा थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर मर्ग कायम कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
