पूर्व विधायक भैयाराम सिन्हा का सोशल मीडिया अकाउंट हैक, परिचितों से मांगे ₹50 हजार तक

Darshan Balod
0

हैकर ने संपर्कों को भेजे पैसे मांगने वाले संदेश, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोगों को किया सतर्क

बालोद। संजारी बालोद विधानसभा के निवर्तमान विधायक भैयाराम सिन्हा का सोशल मीडिया अकाउंट अज्ञात व्यक्ति द्वारा हैक किए जाने का मामला सामने आया है। हैकर ने अकाउंट का दुरुपयोग करते हुए विधायक के मोबाइल में सेव कई परिचितों को सोशल मीडिया के माध्यम से संदेश भेजकर रुपयों की मांग की।

जानकारी के अनुसार अलग-अलग लोगों से ₹35 हजार से लेकर ₹50 हजार तक की राशि मांगी गई। इस दौरान गुरूर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष किशोर साहू के मोबाइल नंबर पर भी राशि भेजने संबंधी संदेश पहुंचा। कुछ समय बाद उन्हें जानकारी हुई कि विधायक का सोशल मीडिया अकाउंट हैक हो चुका है।

मामले की जानकारी सामने आने के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को सतर्क किया। उन्होंने अपील की कि विधायक के नाम से यदि किसी व्यक्ति के पास पैसे मांगने वाला संदेश या कॉल आता है तो बिना सत्यापन किसी भी प्रकार का भुगतान न करें।

अकाउंट हैक होने पर तुरंत बदलें पासवर्ड

जिला साइबर सेल के प्रभारी रहे इंस्पेक्टर रोहित मालेकर ने ऐसे मामलों से बचाव के लिए सलाह दी है कि सोशल मीडिया अकाउंट या ई-मेल से संबंधित किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर पासवर्ड तत्काल बदलें। साथ ही सभी डिवाइस से लॉगआउट करने और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) सक्रिय करने की सलाह दी गई है।

उन्होंने कहा कि अकाउंट हैक होने की स्थिति में परिचितों और संपर्कों को तत्काल इसकी जानकारी दें, ताकि हैकर द्वारा भेजे गए फर्जी संदेशों के झांसे में आकर कोई व्यक्ति आर्थिक नुकसान का शिकार न हो।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top