झलमला के दवाखाने की घटना में महिला ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल पुलिस को दी सूचना, शिकायत के बाद आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल
बालोद। ग्राम झलमला स्थित बैद्यनाथ दवाखाना में साइटिका का इलाज कराने पहुंची महिला से छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने चिकित्सक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना के दौरान महिला ने बिना घबराए तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस कार्रवाई शुरू हुई।
पुलिस के अनुसार घटना 14 अगस्त की है। पीड़िता साइटिका के उपचार के लिए दवाखाना पहुंची थी, जहां उसका उपचार ग्राम भरदा निवासी चिकित्सक हेमशंकर साहू (32) द्वारा किया जा रहा था। आरोप है कि उपचार के दौरान चिकित्सक ने महिला के साथ आपत्तिजनक व्यवहार और छेड़छाड़ की।
बताया गया कि घटना के दौरान कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। महिला ने बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजे की कुंडी ऊंचाई पर होने के कारण वह उसे खोल नहीं सकी। इसके बाद उसने खिड़की का कांच पीटकर मदद के लिए आवाज लगाई। महिला की आवाज सुनकर बाहर मौजूद परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद आरोपी ने दरवाजा खोला।
घटना के तुरंत बाद 112 को दी सूचना
कमरे से बाहर निकलते ही महिला ने मामले को दबाने के बजाय तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। महिला की इस तत्परता के चलते पुलिस को घटना की जानकारी तत्काल मिल गई और आगे की कार्रवाई का रास्ता साफ हुआ। इसके बाद पीड़िता ने बालोद थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 15 अगस्त को आरोपी चिकित्सक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 एवं 75(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।
आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
महिला की सजगता बनी कार्रवाई की अहम कड़ी
इस घटना में महिला द्वारा संकट की स्थिति में तुरंत मदद मांगना और डायल 112 का उपयोग करना महत्वपूर्ण रहा। पुलिस एवं प्रशासन लगातार लोगों से अपील करता रहा है कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस सहायता लें।
