डौंडी के कॉलेज के पास दर्दनाक हादसा, खेती कार्य के लिए जा रही थी 55 वर्षीय दुलार बाई
डौंडी। डौंडी क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में माइंस से आयरन ओर लेकर जा रहे 14 चक्का ट्रक क्रमांक CG 05 A 6422 की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान ग्राम औरटोला निवासी दुलार बाई (55 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुलार बाई खेती कार्य के लिए जा रही थीं। इसी दौरान मुख्य मार्ग पर कॉलेज के समीप दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि माइंस से भरा ट्रक दल्ली की ओर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही कार को बचाने के प्रयास में ट्रक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे जा रही दुलार बाई को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने हादसे के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट : गोरेलाल सोनी, डौंडी

