टीईटी मुक्ति की मांग को लेकर शिक्षकों ने फिर खोला मोर्चा

Darshan Balod
0

 



25 अगस्त को बालोद में धरना-प्रदर्शन, मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और शिक्षा सचिव के नाम सौंपेंगे ज्ञापन

डौंडी। छत्तीसगढ़ संघर्ष मोर्चा के प्रांतीय आह्वान पर डौंडी ब्लॉक के संघर्ष मोर्चा शिक्षक संघ ने टीईटी मुक्ति सहित विभिन्न मांगों को लेकर एक बार फिर आंदोलन का ऐलान किया है। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि जिले एवं ब्लॉक के एलबी संवर्ग के शिक्षक-शिक्षिकाएं आगामी 25 अगस्त को जिला मुख्यालय बालोद में धरना-प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री एवं शिक्षा सचिव के नाम कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। आंदोलन की विधिवत सूचना विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय एवं स्थानीय तहसील कार्यालय को दी जा चुकी है।

संघ प्रतिनिधियों के अनुसार शिक्षकों के जायज हक एवं अधिकारों की मांग को लेकर मोर्चा लंबे समय से संघर्ष कर रहा है। उनका कहना है कि शासन की नीतियों के चलते शिक्षकों के भविष्य, पूर्व सेवा के अधिकार और मानसिक शांति पर असर पड़ रहा है।

पात्र अनुभव के बाद भी टीईटी की अनिवार्यता पर सवाल

संघ पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षक पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ विद्यार्थियों का भविष्य संवारने का कार्य कर रहे हैं। इसके बावजूद वर्षों की सेवा एवं अनुभव रखने वाले शिक्षकों को टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) से संबंधित प्रक्रिया में उलझाए जाने से उनमें असंतोष है। संघ का कहना है कि उनकी मांगों पर लगातार अपेक्षित निर्णय नहीं होने के कारण शिक्षकों को आंदोलन की राह अपनानी पड़ रही है।

शिक्षक संघ ने शासन से मांग की है कि एलबी संवर्ग के शिक्षकों की पूर्व सेवा एवं अनुभव से जुड़े अधिकारों को ध्यान में रखते हुए टीईटी की अनिवार्यता से राहत प्रदान की जाए तथा अन्य लंबित मांगों पर भी सकारात्मक निर्णय लिया जाए।

बड़ी संख्या में शिक्षक होंगे शामिल

25 अगस्त के धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए ब्लॉक एवं जिला स्तर पर शिक्षकों से संपर्क किया जा रहा है। संघ ने जिलेभर के एलबी संवर्ग के शिक्षक-शिक्षिकाओं से आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया है।

ज्ञापन सौंपने वालों में संयुक्त मोर्चा के गजेन्द्र कुमार रावटे (ब्लॉक संयोजक), राजकुमार साहू (ब्लॉक संयोजक), कामतूराम चंदेल (जिला उपसंयोजक), दिनेश साहू (जिला उपसंयोजक) सहित संजय ठाकुर, महेंद्र कुमार टंडिया, लीलाधर ठाकुर, गुलाब भारद्वाज, सुनील रावटे, देवेंद्र साहू, सुरेंद्र साहू, प्रद्युम्न हिरवानी, सोहन मरकाम, सीमांचल मुनि, अशोक कुलदीप, घासुराम सोरी, योगेश नायक, लक्ष्मीनारायण बंजारे, योगेश्वर ठाकुर, सुरेंद्र थूल, योगेंद्र मंडावी, गौतम मानकर, डोमन राजेश सेवता, विजय दामले, प्रमेंद्र निषाद सहित अन्य पदाधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top