मामूली विवाद के अगले दिन सफाई के दौरान अचानक किया हमला, पुलिस ने धारा 109 BNS के तहत की कार्रवाई
डौंडी से गोरेलाल सोनी की रिपोर्ट,22 अगस्त 2026। नगर पंचायत डौंडी में शनिवार सुबह सफाई कार्य के दौरान दो कर्मचारियों पर धारदार टंगिया से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में रमऊ राम भुआर्य (50) के सिर एवं गर्दन तथा प्रेमलाल हल्बा (38) की पीठ पर चोटें आई हैं। घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। मामले में डौंडी पुलिस ने आरोपी गिरवर भुआर्य को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सफाई के दौरान अचानक किया हमला
पुलिस के अनुसार प्रार्थी रमऊ राम भुआर्य, निवासी बांधियापारा डौंडी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि शनिवार सुबह करीब 5 बजे से वह प्रेमलाल भुआर्य, कैलाश, ओमू एवं दमन के साथ डौंडी शहर में साफ-सफाई का कार्य कर रहे थे। करीब 7 बजे आरोपी गिरवर देवहारी वहां पहुंचा और कथित तौर पर पिछले दिन गाली-गलौज की बात को लेकर विवाद करते हुए धारदार टंगिया से हमला कर दिया।
पुलिस के मुताबिक हमले में रमऊ राम के सिर एवं गर्दन पर तथा प्रेमलाल के पीठ पर वार किया गया। घटना के प्रत्यक्षदर्शी कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर स्थिति संभाली और पुलिस तथा स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी।
निकाय उपाध्यक्ष ने बताया घटनाक्रम
घटना के प्रत्यक्षदर्शी नगर पंचायत उपाध्यक्ष संजीव मानकर के अनुसार वह भी शनिवार सुबह बाजार पसरा गली में सफाई कार्य के दौरान मौके पर मौजूद थे। उन्होंने बताया कि आरोपी सफाई कर्मचारियों के पास पहुंचा और अचानक धारदार टंगिया से दोनों पर हमला कर दिया। हमले के दौरान प्रेमलाल ने दूसरे वार को रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद वहां मौजूद कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया।
घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर पंचायत के सीएमओ संतोष देवांगन, अध्यक्ष मोहंतीन चौरका, भाजपा नेता दिनेश अग्रवाल, निकाय कर्मचारी एवं घायलों के परिजन अस्पताल पहुंचे और घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
पिछले दिन हुआ था मामूली विवाद
बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले शुक्रवार को आरोपी और दोनों कर्मचारियों के बीच मामूली गाली-गलौज हुई थी। हालांकि उस समय मारपीट नहीं हुई थी। कर्मचारियों के अनुसार उनके बीच पहले भी सामान्य विवाद होते रहे थे और वे आपस में रिश्तेदार भी बताए जा रहे हैं। ऐसे में शनिवार को अचानक हुए हमले से मौके पर मौजूद लोग भी सकते में आ गए।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 114/2026, धारा 109 BNS के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को पुलिस हिरासत में लिया है। पुलिस द्वारा मामले की विवेचना एवं आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण चौव्हाण के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना एवं नगर पुलिस अधीक्षक विकास पाटले के मार्गदर्शन में थाना डौंडी पुलिस द्वारा की गई।

