गुरुर में नशे के खिलाफ गूंजा संकल्प, हजारों भाई-बहनों ने ली नशामुक्ति की प्रतिज्ञा

Darshan Balod
0

 






ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान में युवाओं को भी नशे से दूर रहने का दिया संदेश

गुरुर। नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, प्रभु उपहार भवन गुरुर के तत्वावधान में साहू सदन गुरुर में 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में धमतरी जिले सहित आसपास के विभिन्न गांवों से पहुंचे हजारों भाई-बहनों ने नशामुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में धमतरी जिले की ब्रह्माकुमारी संस्था प्रमुख बीके सरिता दीदी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने नशे को समाज और परिवार के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि नशे की प्रवृत्ति तेजी से बढ़ रही है, जिसका असर पारिवारिक जीवन के साथ-साथ सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों पर भी पड़ रहा है।

आध्यात्मिक ज्ञान और राजयोग से नशे से मुक्ति का संदेश

बीके सरस दीदी ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाते हुए कहा कि नियमित आध्यात्मिक ज्ञान, राजयोग, मेडिटेशन और सकारात्मक गतिविधियों के माध्यम से व्यक्ति अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। उन्होंने परिवार को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के साथ ही युवा पीढ़ी की नशामुक्ति अभियान में सक्रिय भूमिका पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि नशे से मुक्ति केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का विषय है। इसके लिए सामूहिक जागरूकता और दृढ़ संकल्प आवश्यक है।

कई क्षेत्रों से पहुंचे ब्रह्माकुमारी बहनें और श्रद्धालु

कार्यक्रम में साधना दीदी साल्हेवार पारा धमतरी, भावना दीदी नगरी, अखिलेश दीदी मगरलोड, आरती दीदी रामबाग धमतरी, कीर्ति दीदी तपोवन धमतरी, चांदनी दीदी रुद्री, फुलेश्वरी दीदी बिरगुड़ी, पार्वती दीदी अरकार, स्वाति पुरूर और सुनीता दीदी कुरूद सहित अनेक ब्रह्माकुमारी बहनों ने अपने विचार रखे।

कार्यक्रम में करहीभदर, पेवरो, अरकार, सनौद, धमतरी, धनेली, परसुली, कोलिहामार, कुलिया, कनेरी, कन्हारपुरी, सोनईडोंगरी, गुरुर सहित आसपास के अनेक गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

गुरुर सेंटर के भाई-बहनों का रहा विशेष योगदान

कार्यक्रम के सफल आयोजन में ब्रह्माकुमारी गुरुर सेंटर के भाई-बहनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इनमें अमीरचंद भाई, घनश्याम भाई, बीपी यादव, सेवक भाई, नंदकुमार, षष्ठकृत, हिरदे, खिलानंद, विनीता बहन, सत्यभामा, रेणुका बहन, तुलसी बहन, झुनिया माता, ब्रिजेश्वरी, चंद्रिका और शांता माता सहित अनेक भाई-बहनों की सहभागिता रही।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने नशे से दूर रहने और अपने परिवार तथा समाज को नशामुक्त बनाने में योगदान देने का संकल्प लिया।

रिपोर्ट : सूर्यकांत साहू

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)
To Top