![]() |
| फाइल फोटो |
पसौद स्कूल में पूर्व छात्र का हुआ सम्मान, राजस्थान बॉर्डर पर दे रहे देश की सेवा; बच्चों को दिया मेहनत और लक्ष्य का मंत्र
गुंडरदेही। ग्राम पसौद निवासी और शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पसौद के पूर्व छात्र अग्निवीर सैनिक तुषार कुमार साहू का विद्यालय पहुंचने पर शिक्षक एवं समस्त स्टाफ द्वारा आत्मीय सम्मान किया गया। तुषार ने इसी विद्यालय में कक्षा आठवीं तक की पढ़ाई की थी। पढ़ाई के साथ खेल और अनुशासन के क्षेत्र में भी वे हमेशा प्रतिभाशाली एवं सक्रिय विद्यार्थी रहे।
तुषार की शुरू से ही देश सेवा के प्रति रुचि रही। इसी लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2025 में उनका अग्निवीर के रूप में चयन हुआ। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद वर्तमान में वे राजस्थान सीमा क्षेत्र में ड्यूटी निभा रहे हैं।
गुरु ने शॉल-श्रीफल और पौधों से किया सम्मान
विद्यालय पहुंचने पर समस्त स्टाफ ने तुषार का गुलाल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उनके शिक्षक नरेंद्र कुमार रजक ने अपने प्रिय पूर्व छात्र का शॉल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं तीन फलदार पौधे भेंट कर सम्मान किया।
इस दौरान शिक्षक ने तुषार की मेहनत, लगन और विद्यार्थी जीवन के अनुशासन का उल्लेख करते हुए विद्यालय के बच्चों को उनसे प्रेरणा लेने और देशसेवा के लिए आगे बढ़ने का संदेश दिया।
‘लक्ष्य तय करें, मेहनत करें तो सफलता निश्चित’
अग्निवीर तुषार साहू ने विद्यार्थियों से अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि हर विद्यार्थी को जीवन में अपना लक्ष्य तय करना चाहिए। लक्ष्य प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत और लगन से प्रयास किया जाए तो सफलता निश्चित रूप से मिलती है।
उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ अनुशासन और मेहनत को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
बच्चों में बांटी मिठाई
अपने पुराने विद्यालय में सम्मान पाकर भावुक हुए तुषार साहू ने विद्यालय के सभी बच्चों को मिठाई वितरित की। इस दौरान विद्यार्थियों में भी अपने पूर्व छात्र और गांव के युवा सैनिक से मिलने को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
शिक्षक नरेंद्र कुमार रजक ने अग्निवीर तुषार कुमार साहू के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, अनुशासन और देश सेवा की भावना अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने बच्चों से तुषार के जीवन से प्रेरणा लेकर शिक्षा के साथ देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।





